अभिनेता गोविंदा के घुटने में लगी गोली, रिवॉल्वर की सफाई के दौरान हुआ गंभीर हादसा, ICU में भर्ती

punjabkesari.in Tuesday, Oct 01, 2024 - 10:15 AM (IST)

नेशनल डेस्क: बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता गोविंदा एक गंभीर हादसे का शिकार हो गए हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, गोविंदा ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर को साफ करते समय गलती से अपने घुटने में गोली लगवा ली। इस दुर्घटना के बाद उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल में ले जाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। बताया जा रहा है कि उनके पैर से गोली निकाल दी गई है। अभी मिली जानकारी के अनुसार, गोविंदा को ICU में भर्ती किया गया है।

डॉक्टरों की टीम उनकी स्थिति पर लगातार नजर रख रही है और आवश्यक उपचार प्रदान कर रही है। बताया जा रहा है कि यह घटना आज सुबह 5 बजे के आसपास की है। उनके फैंस और उद्योग के लोगों ने उनके जल्दी ठीक होने की प्रार्थना की है। इस बीच गोविंदा के मैनेजर शशि सिन्हा ने बताया कि वह कोलकाता जाने की तैयारी कर रहे थे। रिवॉल्वर को रखते समय यह हादसा हुआ, जिससे गोली उनके पैर में लग गई। अस्पताल की ओर से इस घटना के बारे में अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है, लेकिन गोविंदा के परिवार ने बताया है कि वे जल्द ही एक बयान जारी करेंगे।

इस घटना के समय उनकी पत्नी सुनीता आहूजा मुंबई में मौजूद नहीं थीं। उन्हें इसकी सूचना दी गई है और उन्हें बताया गया है कि उन्हें अगले दो घंटे में मुंबई पहुंच जाना चाहिए। गोविंदा की मौजूदा स्थिति के बारे में उन्हें जानकारी दे दी गई है। मुंबई पुलिस ने भी इस हादसे की पुष्टि की है, और बताया कि गोविंदा की लाइसेंसी रिवॉल्वर से गलती से गोली चल गई थी। गोली उनके घुटने के पास लगी है, और उनका इलाज मुंबई के Criti Care अस्पताल में चल रहा है।

 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Mahima

Related News