'PMO और LG केजरीवाल की निगरानी कर रहे', AAP सांसद संजय सिंह ने लिखी PM मोदी को चिट्ठी

punjabkesari.in Thursday, Apr 25, 2024 - 02:31 PM (IST)

नेशनल डेस्क: आम आदमी पार्टी के नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चिट्ठी लिखी है।संजय सिंह ने PMO और LG पर तिहाड़ जेल में बंद सीएम अरविंद केजरीवाल की 24 घंटे सीसीटीवी से निगरानी करने के आरोप लगाए हैं। 

सीसीटीवी कैमरे से केजरीवाल की निगरानी हो रही
संजय सिंह ने पीएम मोदी को लिखी चिट्ठी में कहा, ''आपको अवगत कराना चाहता हूं कि पिछले कुछ दिनों से दिल्ली के चुने हुए मुख्यमंत्री के साथ जो कुछ हो रहा है वो अत्यधिक दुःखद है. पूरी दिल्ली की जनता गहरी पीड़ा में है। तिहाड़ जेल को मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल जी के लिये यातना गृह बना दिया गया है। विश्वसनीय सूत्रों से पता चला है कि LG ऑफिस द्वारा 24 घंटे केजरीवाल जी पर सीसीटीवी कैमरे द्वारा नजर रखी जा रही है। यह देखा जा रहा है कि वह क्या कर रहे हैं। क्या पढ़ रहे हैं क्या लिख रहे हैं। कब सो रहे कब जाग रहे हैं। उनकी एक एक गतिविधि पर ऐसे नजर रखी जा रही है जैसे मानों कोई बहुत बड़ा जासूस जासूसी कर रहा हो। 

अमानवीय व्यवहार क्यों किया जा रहा
उन्होंने आगे कहा, ''तीन बार के चुने हुए मुख्यमंत्री के साथ इस तरह का अमानवीय व्यवहार क्यों किया जा रहा है। आख़िर क्या गुनाह है दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल जी का? यही की उन्होंने दिल्ली के गरीब बच्चों को अच्छी शिक्षा दिया, पूरी दिल्ली को अच्छा इलाज दिया, बिजली-पानी फ्री किया, माताओं- बहनों के लिए 1000 रूपये महीने देने की योजना लाये, श्रवण कुमार बनकर बुजुर्ग माताओं बहनों को फ्री में तीर्थ कराया क्या यही गुनाह है? क्या बिजली-पानी, पढ़ाई-लिखाई और दवाई का ख्याल रखना ही उनका अपराध हो गया है।'' 

मुख्यमंत्री के साथ ऐसा आचरण मर्यादा के खिलाफ
संजय सिंह ने कहा कि आपसे अनुरोध है कि जनादेश से चुने हुए मुख्यमंत्री के साथ इस तरह का आचरण भारत जैसे लोकतांत्रिक देश की मर्यादा और व्यवस्था के खिलाफ है। इस पर तत्काल रोक लगनी चाहिए। दिल्ली की जनता उन्हें बहुत प्यार करती है उनको अपना भाई अपना बेटा मानती है दिल्ली की जनता को दुःख ना पंहुचाइये। उनका विशेष ख्याल नहीं रख सकते हैं तो सामान्य इंसान की तरह तो रहने दीजिये।

दिल्ली के मुख्यमंत्री से इतनी दुश्मनी क्यों रखते हैं?
आप नेता ने कहा, ''आप का पूरा तंत्र निगरानी करता है कि केजरीवाल को दवा तो नहीं मिल रही, वो इन्सुलिन के बिना कितना तड़प रहे है। केजरीवाल की इन्सुलिन बंद करने से उनकी किडनी कितनी ख़राब हुई? उनका लीवर कितना खराब हुआ? अरविंद केजरीवाल से आपकी वैचारिक दुश्मनी हो सकती है, लेकिन यह व्यक्तिगत दुश्मन क्यों। क्या देश की राजनीती में गरीबों के लिए अच्छी शिक्षा और स्वास्थ देना अपराध है। अरविंद दुनिया की सबसे बेहतरीन सरकार दिल्ली में चला रहे हैं आप उनके पीछे क्यों पड़े हैं? जब की सुप्रीम कोर्ट ने अपने फैसले में कहा कि दिल्ली की चुनी हुई सरकार के पास ही असली शक्ति होनी चाहिए। उसके बाद भी आप दिल्ली के मुख्यमंत्री से इतनी दुश्मनी क्यों रखते हैं?"

क्यों आप एक मुख्यमंत्री की जान लेना चाहते हैं
संजय सिंह ने कहा, "क्यों आप एक मुख्यमंत्री की जान लेना चाहते हैं। आप किसी राजनितिक दल के पद पर नहीं हैं, इसलिए उससे प्रभावित नही होना चाहिए। राजनितिक दलों में भी मानवीयता होती है किसी व्यक्ति की 24 घंटे जासूसी कराना उसकी जीवन रक्षक दवाई रोक देना तो बहुत अमानवीय है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल जी की 24 घंटे निगरानी करना, उनकी दवा रोकना और उनको मूलभूत सुविधाओं से वंचित करके उनका मानसिक उत्पीड़न देना उनके जीवन के अधिकारों का हनन है जो अनुच्छेद 21 के तहत मौलिक अधिकार के रूप में सभी देशवासियों को मिला है।''


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

rajesh kumar

Recommended News

Related News