आम आदमी पार्टी ने देश भर में ‘मोदी हटाओ, देश बचाओ'' पोस्टर अभियान किया शुरू

punjabkesari.in Thursday, Mar 30, 2023 - 09:23 PM (IST)

नेशनल डेस्क : आम आदमी पार्टी (आप) ने ‘‘मोदी हटाओ, देश बचाओ'' नारे के साथ बृहस्पतिवार को पोस्टर अभियान शुरू किया, जिसके तहत देश भर के 22 राज्यों में अलग-अलग भाषाओं में बैनर लगाए गए हैं। पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक गोपाल राय ने यह जानकारी दी। राय ने कहा कि अभियान का उद्देश्य देश भर में यह संदेश भेजना है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने नागरिकों से जो वादे किए थे वे अब तक ‘‘पूरे नहीं किए गए हैं''।

उन्होंने कहा, ‘‘अभियान का उद्देश्य देश भर में भाजपा के बारे में यह संदेश देना है कि पार्टी अपने वादों को पूरा करने में नाकाम रही है। किसानों से जो वादे किए गए वह अब तक पूरे नहीं हुए हैं। समस्याओं को सुलझाने के बजाय भाजपा केवल लोकतंत्र को खत्म करने की कोशिश कर रही है। अब तक 22 राज्यों में अलग-अलग भाषाओं में ये पोस्टर लगाए गए हैं।''

‘आप' के वरिष्ठ नेता ने आरोप लगाया, ‘‘बिना किसी विपक्षी चुनौती के पद पर बने रहने की प्रधानमंत्री की जिद, भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था और संविधान के लिए खतरा है। केंद्र सरकार जांच एजेंसियों की स्वतंत्रता को कमतर करने और न्यायिक प्रक्रियाओं में भरोसा डिगाने का प्रयास कर रही है।'' राय ने कहा कि इस अभियान के बारे में छात्रों को जागरूक करने के लिए 10 अप्रैल से इसी तरह के पोस्टर देश भर के विश्वविद्यालयों में लगाए जाएंगे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Recommended News

Related News