पद्म पुरस्कारों के लिए AAP सरकार ने शॉर्टलिस्ट किए तीन डॉक्टरों के नाम, केंद्र सरकार को भेजी सूची
punjabkesari.in Saturday, Aug 28, 2021 - 05:34 PM (IST)
नेशनल डेस्क: दिल्ली सरकार की एक समिति ने इस साल पद्म पुरस्कारों के वास्ते अनुशंसा के लिए चिकित्सकों एस. के. सरीन, सुरेश कुमार और संदीप बुद्धिराजा के नामों को चुना है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को यह जानकारी दी। ऑनलाइन संवाददाता सम्मेलन में केजरीवाल ने कहा कि महामारी के दौरान लोगों का जीवन बचाने में चिकित्सकों, नर्स एवं अन्य अर्द्धचिकित्सा कर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और देश उनके योगदान का सम्मान करता है।
We received 9,427 suggestions for Padma Awards. Our committee led by Deputy CM Manish Sisodia has shortlisted the names of three doctors- Dr SK Sarin from ILBS, Dr Suresh Kumar from LNJP, and Dr Sandeep Budhiraja from Max Hospital for Padma Awards: Delhi CM Arvind Kejriwal pic.twitter.com/ieDJieb3i3
— ANI (@ANI) August 28, 2021
उन्होंने कहा कि प्रति वर्ष केंद्र पद्म पुरस्कारों के लिए राज्यों से नाम की अनुशंसा करने के लिए कहता है। दिल्ली सरकार ने केवल चिकित्सकों एवं अर्द्धचिकित्सा कर्मियों का नाम इस वर्ष पुरस्कार के लिए भेजने का निर्णय किया। उन्होंने बताया कि 9,427 लोगों द्वारा कुल 740 चिकित्सकों और अर्द्धचिकित्सा कर्मियों (पैरामेडिक्स) के नामों की पुरस्कार के लिए अनुशंसा की गई थी, जिनमें से तीन नामों का चयन उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की अध्यक्षता वाली समिति द्वारा किया गया।
समिति ने आईएलबीएस के कुलपति डॉ. एस. के. सरीन जिन्होंने दिल्ली सरकार के पहले प्लाज्मा बैंक और जीनोम सीक्वेंसिंग केंद्र की स्थापना की, एलएनजेपी अस्पताल के चिकित्सा निदेशक डॉ. सुरेश कुमार और मैक्स अस्पताल के समूह निदेशक डॉ. संदीप बुद्धिराजा का नाम चुना है। केजरीवाल ने बताया कि दिल्ली सरकार ने इस साल पद्म पुरस्कारों के लिए केवल चिकित्सकों और अर्द्ध चिकित्साकर्मियों के नामों की अनुशंसा करने का फैसला किया है और दिल्लीवासियों से नामों पर सुझाव मांगे थे। पद्म पुरस्कार भारत में सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में शामिल हैं, जिनकी घोषणा हर वर्ष गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर की जाती है।
