जरूरत की खबर- घर बैठे फ्री में ऐसे करें Aadhaar Card Updat : 14 सितंबर आखिरी तारीख

punjabkesari.in Friday, Sep 13, 2024 - 12:43 PM (IST)

नेशनल डेस्क: आधार कार्ड आजकल हर काम के लिए जरूरी हो गया है, चाहे वह ट्रेन या फ्लाइट की टिकट बुकिंग हो या सरकारी योजनाओं का लाभ लेना। आधार कार्ड पर आपकी पहचान और निजी जानकारी होती है, जिसे सही रखना बेहद जरूरी है।

लेकिन कई बार आधार कार्ड में नाम, जन्मतिथि या पते जैसी जानकारी गलत हो जाती है, जिसे ठीक करने के लिए शुल्क देना पड़ता है। हालांकि, 14 सितंबर 2024 तक आप बिना किसी शुल्क के अपना आधार कार्ड अपडेट करवा सकते हैं। यह सेवा UIDAI पोर्टल पर मुफ्त उपलब्ध है। इसके बाद आपको आधार अपडेट करने के लिए 50 रुपए का शुल्क देना होगा।

आधार अपडेट क्यों जरूरी है?

आधार कार्ड को समय-समय पर अपडेट रखना कई कारणों से फायदेमंद है:

  1. बैंक अकाउंट खोलने और सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में आसानी होती है।
  2. पैन कार्ड, पासपोर्ट, वोटर ID और राशन कार्ड बनवाने में दिक्कतें नहीं आती।
  3. आपकी पहचान को प्रमाणित करना आसान होता है।
  4. स्कैम या धोखाधड़ी का खतरा कम रहता है।

कौन से दस्तावेज जरूरी हैं?

आधार अपडेट के लिए आपको पहचान पत्र और पते का प्रमाण देना होगा। यह डॉक्यूमेंट्स UIDAI की वेबसाइट पर उपलब्ध लिस्ट के अनुसार होने चाहिए।

आधार कार्ड में कौन सी जानकारी अपडेट हो सकती है?

आधार में दो प्रकार की जानकारी होती है:

  1. बायोमेट्रिक जानकारी: जैसे अंगूठे का निशान और आइरिस स्कैन।
  2. डेमोग्राफिक जानकारी: जैसे नाम, पता और जन्मतिथि।

नाम में स्पेलिंग की गलती, शादी के बाद सरनेम या पता बदलवाना, या बच्चों के बायोमेट्रिक चिन्हों में बदलाव जैसी जानकारियां आप अपडेट कर सकते हैं।

ऑनलाइन आधार अपडेट कैसे करें?

घर बैठे आधार अपडेट करने के लिए आपको UIDAI की वेबसाइट पर लॉगिन करना होगा। अपनी पहचान और पते के प्रूफ की स्कैन की हुई कॉपी (PDF, JPEG, या PNG फॉर्मेट, 2 MB से कम) अपलोड करनी होगी। कुछ दिनों में आपका आधार अपडेट हो जाएगा।

कौन सी जानकारी ऑनलाइन अपडेट नहीं हो सकती?

फिंगर प्रिंट या आइरिस स्कैन जैसी बायोमेट्रिक जानकारी को आप ऑनलाइन अपडेट नहीं कर सकते। इसके लिए आपको नजदीकी आधार नामांकन केंद्र या आधार सेवा केंद्र जाना होगा।

ऑफलाइन आधार अपडेट कैसे करें?

यदि आप ऑनलाइन आधार अपडेट नहीं कर सकते हैं या बायोमेट्रिक जानकारी अपडेट करना चाहते हैं, तो आप नजदीकी आधार सेवा केंद्र पर जाकर इसे अपडेट करवा सकते हैं।

आधार नंबर भूल जाने पर क्या करें?

अगर आप अपना आधार नंबर भूल गए हैं, तो UIDAI की वेबसाइट पर जाकर इन स्टेप्स को फॉलो करके अपना ई-आधार डाउनलोड कर सकते हैं:

  1. UIDAI की वेबसाइट पर जाएं।
  2. नाम, मोबाइल नंबर और कैप्चा कोड डालें।
  3. OTP भेजें और दर्ज करें।
  4. आधार से जुड़ी जानकारी प्राप्त करें और डाउनलोड करें।

इस तरह आप अपना आधार कार्ड अपडेट और सुरक्षित रख सकते हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Anu Malhotra

Related News