सेक्स बदलकर महिला बना नौसैनिक, साड़ी पहनकर आता है Ship पर
punjabkesari.in Sunday, Aug 27, 2017 - 11:30 AM (IST)

नई दिल्ली: नौसेना के एक सेवारत नाविक सैक्स चेंज करवाकर महिला बन गया है। अब उसके निर्वहन की कार्रवाई शुरू होगी क्योंकि महिलाएं रक्षा सेवाओं में सैनिकों के रूप में काम नहीं कर सकती हैं। बता दें कि सशस्त्र बल लड़ाकू भूमिकाओं में महिलाओं के शामिल होने और सेवाओं में महिलाओं को व्यापक जिम्मेदारी देने के लिए एक व्यापक नीति तैयार करने की संबंधित जटिलताओं से जूझ रहे हैं। मेल टुडे के मुताबिक एक वरिष्ठ नौसेनिक ने बताया कि कुछ महीने पहले, इस नाविक ने अपने सेक्स को बदलने का फैसला किया और महिला बन गया। नाविक कुछ बाहरी लोगों के संपर्क में था। उसने ऑपरेशन करवाने का फैसला किया और सारा खर्च भी खुद ही किया।
नाविक विवाहित भी है। विशाखापत्तनम में नौसेना के आईएनएस एक्साला बेस में तैनात यह नाविक अब साड़ी पहनता है और बाल भी बढ़ा रहा है। आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक उसकी छुट्टी की सिफारिश की गई है और जल्द ही कार्रवाई शुरू करके उसे नौसेना से बाहर कर दिया जाएगा। नौसेना के अधिकारियों ने कहा कि जब तक कि नाविक को सेना से छुट्टी नहीं मिलती है, तब तक उसे हल्की जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगीं क्योंकि महिलाओं से मल्लाह का काम नहीं कराया जा सकता, क्योंकि अभी तक इसकी अनुमति नहीं है। नौसेना अधिकारियों ने रक्षा मंत्रालयसे भी इस मामले में बात की है।