3.2 करोड़ का लोन लेकर मर गया शख्स! जानिए कुछ दिन बाद कैसे हो गया जिंदा

punjabkesari.in Sunday, Apr 06, 2025 - 09:00 PM (IST)

नेशनल डेस्क : दिल्ली में एक चौंकाने वाला लोन घोटाला सामने आया है, जिसमें एक मरे हुए शख्स के नाम पर फर्जी दस्तावेज बनाकर बैंक से 3.2 करोड़ रुपये का लोन ले लिया गया। इस मामले को हल करने में पुलिस को कई महीने लगे, लेकिन अब आखिरकार मास्टरमाइंड सुरेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है।

दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (EOW) ने बताया कि सुरेश कुमार (45), जो नंद नगरी में रहता है और एक साइबर कैफे चलाता है, इस धोखाधड़ी रैकेट का सरगना है। वह पहले से ही कई फ्रॉड मामलों में संलिप्त रहा है और 2015 के एक मामले में 2 अप्रैल 2025 को गिरफ्तार किया गया।

मरे हुए पति के नाम पर लोन!
यह मामला तब सामने आया जब शिकायतकर्ता सोनल जैन ने पुलिस को बताया कि उनके दिवंगत पति महेंद्र कुमार जैन के नाम पर फर्जी कागज़ बनाकर लोन लिया गया है। जांच में पता चला कि दस्तावेजों पर लगे अंगूठे के निशान असली नहीं थे। फोरेंसिक जांच से पता चला कि ये निशान सुरेश कुमार के थे।

18 मामलों में आरोपी, CBI भी कर रही जांच
पुलिस ने बताया कि सुरेश के खिलाफ कुल 18 केस दर्ज हैं, जिनमें से 5 मामले EOW और 13 मामलों की जांच CBI कर रही है। पूछताछ में सुरेश ने कबूला कि वह नकली सेल डीड, ई-स्टांप पेपर और रबर स्टैम्प बनाता था और लोगों को लोन दिलाने के लिए फर्जी दस्तावेज देता था।

बड़ा नेटवर्क हो सकता है शामिल
पुलिस को शक है कि सुरेश के साथ और भी लोग इस फर्जीवाड़े में शामिल हैं। वह ऐसे स्थानों की जानकारी भी दे चुका है जहां ये जाली दस्तावेज तैयार किए जाते थे। अब पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कितने बैंक और फाइनेंशियल इंस्टीट्यूशंस इस जाल में फंसे हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News