सनातन धर्म पर विवादित बयान देकर घिरे ए. राजा, अमित मालवीय ने उठाए सवाल, पूछा- इंडी गठबंधन के साथी चुप क्यों

punjabkesari.in Tuesday, Mar 05, 2024 - 06:23 PM (IST)

नेशनल डेस्कः द्रविड़ मुनेत्र कषगम (DMK) के सांसद ए. राजा के उस बयान से मंगलवार को विवाद खड़ा हो गया जिसमें उन्होंने कथित रूप से कहा है कि भारत कभी एक राष्ट्र नहीं रहा बल्कि यह एक उपमहाद्वीप है जहां विभिन्न प्रथाएं और परंपराएं हैं। इस पर न केवल भारतीय जनता पार्टी (BJP) बल्कि DMK की सहयोगी कांग्रेस ने भी निंदा की है।

भाजपा ने DMK नेता की टिप्पणी को ‘विभाजन' का आह्वान बताते हुए उनकी गिरफ्तारी की मांग की है। कांग्रेस ने भी कथित टिप्पणियों के लिए DMK सांसद की आलोचना की और कहा कि बोलते समय उन्हें संयम बरतना चाहिए। यह विवाद विपक्षी दलों द्वारा पोस्ट किए गए वीडियो के बाद उपजा है जिसमें राजा कथित रूप से उक्त टिप्पणी करते दिख रहे हैं। राजा की रामायण और भगवान राम को लेकर की गई कुछ टिप्पणियां भी राष्ट्रीय पार्टियों को पंसद नहीं आईं।

भारत एक राष्ट्र नहीं बल्कि एक उपमहाद्वीप
राजा एक वीडियो में पार्टी द्वारा आयोजित एक बैठक को संबोधित करते हुए दिख रहे हैं, जिसमें वह कथित रूप से कहते हैं, “भारत एक राष्ट्र नहीं है। इस बात को अच्छे से समझ लें। भारत कभी एक राष्ट्र नहीं रहा। एक राष्ट्र एक भाषा, एक परंपरा और एक संस्कृति को दर्शाता है और ऐसी विशेषताएं ही एक राष्ट्र का निर्माण करती हैं।” राजा ने दावा किया कि भारत एक राष्ट्र नहीं बल्कि एक उपमहाद्वीप है। उन्होंने कहा, “क्या कारण है । यहां तमिल एक राष्ट्र और एक देश है। मलयालम एक भाषा, एक राष्ट्र और एक देश है। उड़िया एक राष्ट्र, एक भाषा और एक देश है। ऐसी सभी राष्ट्रीय श्रेणियां भारत का निर्माण करती हैं। तो, भारत एक देश नहीं है, यह एक उपमहाद्वीप है जिसमें विभिन्न प्रथाएं, परंपराएं और संस्कृतियां हैं।”

इसके अलावा, उन्होंने कहा कि तमिलनाडु, केरल, दिल्ली और ओडिशा जैसे राज्यों में अपनी-अपनी स्थानीय संस्कृति है। उन्होंने कहा, “मणिपुर में कुत्ते का मांस खाया जाता है, जो एक सांस्कृतिक पहलू है। कश्मीर में एक संस्कृति है। हर संस्कृति को मान्यता देनी होगी। अगर कोई समुदाय बीफ खाता है तो उसे मानिए, आपकी समस्या क्या है । क्या उन्होंने आपसे खाने के लिए कहा। यही विविधता में एकता है। हमारे बीच अंतर है और इसे स्वीकार करना होगा।”

भगवान राम का उपहास किया
इस पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा की आईटी सेल के प्रभारी अमित मालवीय ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स' पर कहा, “DMK से नफरत भरे भाषण लगातार जारी हैं। उदयनिधि स्टालिन के सनातन धर्म को नष्ट करने के आह्वान के बाद अब ए. राजा ने भारत के विभाजन का आह्वान किया है, भगवान राम का उपहास किया है, मणिपुर के लोगों के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणियां की हैं और एक राष्ट्र के रूप में भारत की अवधारणा पर सवाल उठाया है।” उन्होंने कहा, “कांग्रेस और अन्य आई.एन.डी.आई. गठबंधन (विपक्षी दलों के गठबंधन ‘इंडिया') के साथी चुप हैं। उनके प्रधानमंत्री पद के तथाकथित उम्मीदवार राहुल गांधी की चुप्पी स्पष्ट है।”

तमिलनाडु प्रदेश भाजपा के प्रवक्ता नारायणन तिरुपति ने ‘पीटीआई वीडियो' से कहा कि राजा को गिरफ्तार किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह मुख्यमंत्री एमके स्टालिन का ‘कर्तव्य' है कि वह कानून का पालन करते हुए कार्रवाई करें और राजा को गिरफ्तार कराएं।

कांग्रेस की सोशल मीडिया विभाग की प्रमुख सुप्रिया श्रीनेत ने दिल्ली में कहा कि नेताओं को संयमित होकर बात करनी चाहिए। सुप्रिया ने कहा, ‘‘मैं उनकी बात से शत प्रतिशत असहमत हूं। मैं ऐसे वक्तव्य की पूरी तरह निंदा करती हूं।'' राजा के रामायण और भगवान राम के बारे में कुछ टिप्पणियां करने पर उन्होंने कहा, ‘‘मेरा मानना है कि राम सबके हैं, राम हम सबमें हैं। जिस राम को इमाम-ए-हिंद कहा गया है, वो संप्रदायों, धर्म और जाति से ऊपर हैं। राम जीवन जीने का आदर्श हैं, राम मर्यादा हैं, राम नैतिकता हैं, राम प्रेम हैं।''

यह माओवादी विचारधारा है
DMK नेता की टिप्पणी को लेकर पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने आरोप लगाया ‘‘यह माओवादी विचारधारा है।'' भाजपा नेता ने मांग की कि कांग्रेस और विपक्षी दलों के गठबंधन ‘इंडिया' के अन्य घटक दल आगे आएं और कहें कि क्या वे DMK नेता की टिप्पणी से सहमत हैं। उन्होंने पूछा, ‘‘सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका (गांधी वाद्रा), मल्लिकार्जुन खरगे... क्या आप इसे (राजा की टिप्पणी को) सही मानते हैं?'' भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि भारत की पहचान को बदनाम करना और भारतीय आस्था का अपमान करना ‘इंडिया' गठबंधन की आदत और राजनीतिक एजेंडा बन गया है। प्रसाद ने कहा, ‘‘कृपया इस तरह हिंदू भावनाओं का अपमान न करें, हिंदू आस्था को इस तरह शर्मिंदा न करें।''


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Yaspal

Recommended News

Related News