केजरीवाल की हत्या की साजिश रची गई, उन्हें कुछ हुआ तो भाजपा होगी जिम्मेदार: आम आदमी पार्टी

punjabkesari.in Saturday, Oct 26, 2024 - 07:48 PM (IST)

नेशनल डेस्क : आम आदमी पार्टी (आप) ने अपने संयोजक अरविंद केजरीवाल की हत्या की ‘‘गहरी साजिश'' रचे जाने का शनिवार को आरोप लगाया और चेतावनी दी कि अगर उन्हें कुछ भी हुआ तो इसके लिए भाजपा जिम्मेदार होगी। आप नेताओं ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि पश्चिमी दिल्ली के विकासपुरी में पदयात्रा के दौरान केजरीवाल पर ‘‘भाजपा के गुंडों'' ने हमला किया। आप के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने प्रेसवार्ता में आरोप लगाया, ‘‘घटना में पुलिस की मिलीभगत, केजरीवाल की हत्या की गहरी साजिश को साफ तौर पर दर्शाती है। भाजपा उनकी जान की दुश्मन बन गई है।'' सिंह के आरोपों पर पुलिस या भाजपा की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी है।

आप नेता ने कहा कि विकासपुरी की घटना के बावजूद केजरीवाल तय कार्यक्रम के अनुसार पदयात्रा अभियान जारी रखेंगे। उनसे जब पूछा गया कि पार्टी ने इस घटना के संबंध में कोई शिकायत क्यों नहीं दर्ज कराई, तो सिंह ने कहा कि अगर पुलिस ‘‘निष्पक्ष'' होती और उसके अधिकारी हमलावरों के समूह को रोकने के लिए कुछ करते तो यह घटना नहीं होती। उन्होंने दावा किया कि हमलावर भाजपा की युवा इकाई के थे। आप नेता ने कहा कि पुलिस घटना का संज्ञान लेकर जांच कर सकती है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी इस मामले में आगे की कार्रवाई के लिए कानूनी सलाह ले रही है।

आप सांसद ने आरोप लगाया कि भाजपा नेता, केजरीवाल पर हमला करने वालों का समर्थन कर रहे हैं। दिल्ली सरकार में मंत्री सौरभ भारद्वाज ने एक अन्य प्रेसवार्ता में कहा, ‘‘भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के पदाधिकारियों ने केजरीवाल पर हमला किया। हमलावरों में से एक भाजयुमो की दिल्ली इकाई का उपाध्यक्ष है और दूसरा हमलावर इसका महासचिव है।'' भारद्वाज ने दावा किया कि केजरीवाल पर हमला करने के बाद नाच रहे दो भाजपा सदस्य पार्षद का चुनाव हार गए थे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News