जहरीली शराब का कहर: बंडा तहसील के चार गांवों में 9 लोगों की दर्दनाक मौ/त, मचा हड़कंप

punjabkesari.in Sunday, Sep 06, 2026 - 11:21 AM (IST)

सागर (मध्यप्रदेश) : मध्य प्रदेश के सागर जिले की बंडा तहसील से एक बेहद दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां शनिवार-रविवार की दरमियानी रात कथित तौर पर जहरीली शराब पीने से 9 लोगों की मौत हो गई जबकि कई अन्य की हालत गंभीर बनी हुई है। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया है।

सागर के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) देवेश पटेरिया ने बंडा में संवाददाताओं से कहा कि कथित तौर पर जहरीली शराब पीने से 9 से 10 लोगों की मौत हुई है। उन्होंने बताया कि 5 लोगों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें सागर जिला अस्पताल भेजा गया है। 

हालांकि सागर की जिलाधिकारी प्रतिभा पाल ने संवाददाताओं से कहा कि यह जरूरी नहीं है कि मौतें जहरीली शराब के सेवन के कारण ही हुई हों। उन्होंने कहा, कुछ लोग बीमार पड़े हैं और कुछ मौतें भी हुई हैं। सिविल अस्पताल में उनकी जांच की जा रही है। नौराज और घूघर समेत आसपास के चिह्नित इलाकों में चिकित्सकों और अधिकारियों की जांच दल तैनात किए गए हैं।

जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से अपील की कि पिछले 24 से 48 घंटे के दौरान किसी भी प्रकार की शराब का सेवन करने वाले व्यक्ति को यदि किसी तरह के लक्षण महसूस हो रहे हैं तो वह तुरंत चिकित्सक से जांच कराए। उन्होंने कहा, प्रशासन ऐसे सभी मामलों पर नजर रख रहा है और जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें: Indonesia में ज्वालामुखी विस्फोट के बाद जकार्ता एयरपोर्ट पर सभी उड़ानें रद्द, आसमान में फैला राख का गुबार

बंडा के पूर्व विधायक तरवर लोधी ने दावा किया कि नौ लोगों की मौत जहरीली शराब पीने के कारण हुई है। उन्होंने कहा कि बंडा विकासखंड के बराज, घूघर, नौराज और आसपास के गांवों में रहने वाले कई लोगों ने शनिवार रात शराब का सेवन किया था जिसके बाद अचानक उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। उन्होंने बताया कि परिजन उन्हें इलाज के लिए बंडा के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे जहां चिकित्सकों ने कई लोगों को मृत घोषित कर दिया। 

उन्होंने कहा कि चार-पांच लोग बंडा सिविल अस्पताल में भर्ती हैं जबकि चार-पांच लोगों को सागर भेजा गया है। लोधी ने लोगों से अपील की कि जिन लोगों ने पिछले दो-तीन दिनों में बंडा क्षेत्र की किसी दुकान या अवैध रूप से शराब बेचने वालों से शराब खरीदकर पी है और उन्हें स्वास्थ्य संबंधी थोड़ी भी परेशानी महसूस हो रही है वे तुरंत अस्पताल पहुंचकर चिकित्सक से जांच कराएं। 

मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी प्रतिभा पाल और पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के नेतृत्व में प्रशासन और पुलिस का दल मौके पर मौजूद है। फिलहाल अधिकारी द्वारा मामले की जांच की जा रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Rohini Oberoi

Related News