Boat Accident: नर्मदा नदी में पलटी होमगार्ड जवानों की मोटरबोट, इंजन में फंसा लकड़ी का टुकड़ा

punjabkesari.in Saturday, Sep 05, 2026 - 02:14 PM (IST)

जबलपुर : मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले से एक बड़ी खबर सामने आ रही है जहां शुक्रवार को नर्मदा नदी में गश्त के दौरान होमगार्ड के 9 जवानों को ले जा रही एक मोटरबोट अचानक डूब गई। गनीमत यह रही कि इस हादसे में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और सभी जवानों को सकुशल बचा लिया गया। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। 

अधिकारियों ने उन खबरों को खारिज किया जिसमें कहा गया कि ग्वारीघाट क्षेत्र में गश्त कर रही मोटरबोट पर क्षमता से अधिक जवान सवार थे। उन्होंने कहा कि घटना के समय नौका में सवार सभी जवानों ने लाइफ जैकेट पहन रखी थी। ग्वारीघाट थाना प्रभारी कन्हैया बघेल ने बताया कि बरगी बांध के गेट खोले जाने के बाद टीम को नदी में गश्त के लिए तैनात किया गया था तभी पानी में तैर रहा लकड़ी का एक टुकड़ा मोटरबोट के इंजन में फंस गया जिससे इंजन खराब हो गया।

उन्होंने बताया कि तेज बहाव के बीच मोटरबोट डूबने लगी जिससे उसमें सवार जवानों में घबराहट फैल गई। कुछ जवान तैरकर सुरक्षित स्थान पर पहुंच गए जबकि स्थानीय नाविकों ने तत्काल मदद करते हुए अन्य जवानों को भी बाहर निकाल लिया। बघेल ने इस दावे से भी इनकार किया कि मोटरबोट में चार लोगों के बैठने की क्षमता थी और उस पर इससे दोगुने लोग सवार थे। 

यह भी पढ़ें: Indigo Travel Advisory: दिल्ली में भारी बारिश का कहर, इंडिगो ने जारी की ट्रैवल एडवाइजरी

उन्होंने कहा कि सभी जवानों ने लाइफ जैकेट पहन रखी थी। उन्होंने बताया कि पुलिस और होमगार्ड के अधिकारी घटना की जांच कर रहे हैं। जबलपुर में होमगार्ड कमांडेंट नीरज सिंह ठाकुर ने बताया कि बरगी बांध के गेट खोले जाने के बाद नर्मदा के घाटों के लिए सतर्कता बरतने का अलर्ट जारी किया गया था और ग्वारीघाट में होमगार्ड की एक टीम तैनात की गई थी। जानकारी के लिए बता दें कि यह घटना 30 अप्रैल को जबलपुर के बरगी क्षेत्र में हुए नौका हादसे के कुछ महीने बाद हुई है जिसमें 13 लोगों की मौत हो गई थी। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Rohini Oberoi

Related News