70 वर्षीय बुजुर्ग को पहले थूक चटवाया फिर बेरहमी से पीटा, लगाए गंभीर आरोप
punjabkesari.in Sunday, Jul 20, 2025 - 07:33 PM (IST)

नेशनल डेस्क: रांची के बेड़ो थाना क्षेत्र अंतर्गत खुखरा गांव में मानवता को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है. यहां एक 70 वर्षीय बुजुर्ग पर महिला से छेड़खानी का आरोप लगाकर कुछ दबंगों ने बेरहमी से पिटाई की और सरेआम थूक चटवाया। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया है।
क्या है मामला?
जानकारी के अनुसार, गांव की एक महिला के साथ छेड़खानी के आरोप में गांव के ही पांच दबंगों ने 70 वर्षीय अफिंदर साहू नामक बुजुर्ग को लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा। इतना ही नहीं, उन्होंने बुजुर्ग को जमीन पर थूक कर उसे चाटने के लिए मजबूर किया। दबंगों ने इस बर्बरतापूर्ण घटना का वीडियो भी बनाया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है।
पीड़ित ने दर्ज कराया केस
इस घटना के सामने आने के बाद पीड़ित बुजुर्ग अफिंदर साहू ने बेड़ो थाने में विजेंद्र, रामभजन सिंह, प्रकाश सिंह, जितेंद्र सिंह और प्रकाश नामक व्यक्तियों के खिलाफ केस दर्ज कराया है।
पुलिस की कार्रवाई
पुलिस ने बताया कि दूसरे पक्ष (जिस महिला से छेड़खानी का आरोप है) द्वारा भी इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच शुरू कर दी है और एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए ताबड़तोड़ छापेमारी की जा रही है. पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।