ऑफ द रिकॉर्डः  सूचना आयोग में 6 पद खाली, आर.टी.आई. अधर में

punjabkesari.in Thursday, Oct 01, 2020 - 04:09 AM (IST)

नई दिल्लीः अपनी स्थापना के बाद पहली बार केंद्रीय सूचना आयोग (सी.आई.सी.) अपनी आधी क्षमता पर काम करने को मजबूर होने जा रहा है। मुख्य सूचना आयुक्त सहित 11 सदस्यीय सूचना आयोग में डी.पी. सिन्हा के सेवानिवृत्त होने के बाद केवल 5 अधिकारी बचे हैं। बिमल जुल्का की सेवानिवृत्ति के बाद से ही मुख्य सूचना आयुक्त का पद खाली पड़ा है। 

लगातार बढ़ते मामलों के बीच रिक्त होते पदों के कारण आयोग की कार्यक्षमता पर असर पड़ा है। यहां तक कि मंत्रालय और विभाग अब कोई न कोई बहाना बनाकर धड़ल्ले से आर.टी.आई. के जवाबों को टाल रहे हैं। अगर रिपोर्टों पर यकीन किया जाए तो विदेश सेवा के पूर्व अधिकारी यशवद्र्धन कुमार सिन्हा को मुख्य सूचना आयुक्त नियुक्त किया जा सकता है। वरिष्ठ अधिकारी सिन्हा के पिता स्व. लै. जनरल एस.के. सिन्हा जम्मू-कश्मीर के राज्यपाल रह चुके हैं। 

दिलचस्प बात है कि सी.आई.सी. में ऐसा कोई नियम नहीं है कि वरिष्ठतम सदस्य को ही मुख्य सूचना आयुक्त बनाया जाएगा। आई.ए.एस. अधिकारी नीरज गुप्ता को भी सरकार से नजदीकियों की वजह से इस पद का मजबूत दावेदार माना जा रहा है। सरकार ने पिछले दिनों संसद को भरोसा दिलाया था कि मुख्य सूचना आयुक्त और सूचना आयुक्तों की नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। सरकार जल्दी ही इस मामले में विज्ञापन भी जारी करने वाली है। एक उच्च स्तरीय समिति केंद्रीय सूचना आयोग में मुख्यत: सूचना आयुक्त एवं सूचना आयुक्तों के पद के लिए उम्मीदवारों का चयन करती है।    


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Pardeep

Recommended News

Related News