e-KYC के लिए वसूले ₹500, राशन दुकान का लाइसेंस रद्द; मंत्री ने दी सख्त कार्रवाई की चेतावनी

punjabkesari.in Sunday, Oct 04, 2026 - 05:31 AM (IST)

बेंगलुरु: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में ई-केवाईसी (e-KYC) कराने के नाम पर राशन कार्ड धारक से अवैध वसूली का बड़ा मामला सामने आया है। बेंगलुरु साउथ ज़ोन के चंद्रप्पा नगर RCHS स्थित उचित मूल्य दुकान (Fair Price Shop No. BLS-272) के सचिव द्वारा ई-केवाईसी करने के बदले ₹500 वसूले जाने की शिकायत सही पाए जाने पर विभाग ने दुकान का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित/रद्द कर दिया है।

PhonePe के जरिए लिए थे ₹500, जांच में पुष्टि के बाद गाज
मामला 2 अक्टूबर का है, जहां उक्त दुकान के सचिव ने बसवराजस्वामी नामक राशन कार्ड धारक से ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी करने के लिए PhonePe के माध्यम से ₹500 वसूले थे। शिकायत मिलने के बाद खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के अधिकारियों ने दुकान का निरीक्षण किया, जिसमें अवैध वसूली के आरोपों की पुष्टि हुई।

निरीक्षण में खुली पोल: नियमों की उड़ रही थीं धज्जियां
अधिकारियों द्वारा किए गए निरीक्षण के दौरान दुकान में केवल पैसे वसूलने का ही मामला नहीं, बल्कि कई अन्य गंभीर अनियमितताएं भी पाई गईं:

  • दुकान में मूल्य सूची, स्टॉक बोर्ड और खाद्यान्न के नमूने प्रदर्शित नहीं किए गए थे।
  • निरीक्षण पुस्तिका (Inspection Book) का रखरखाव नहीं किया जा रहा था।
  • दुकान परिसर में स्वच्छता का ध्यान नहीं रखा गया था।
  • लगभग 3.75 क्विंटल रागी (ragi) का स्टॉक सही तरीके से सुरक्षित भंडारित नहीं था।
  • दुकान की सील सहित अन्य अनिवार्य नियमों की अनदेखी की जा रही थी।

कारण बताओ नोटिस का नहीं मिला उचित जवाब
नियमों के उल्लंघन और अवैध वसूली को लेकर जारी किए गए कारण बताओ नोटिस का दुकान संचालक कोई संतोषजनक लिखित जवाब नहीं दे सका। इसके बाद 'कर्नाटक आवश्यक वस्तु सार्वजनिक वितरण प्रणाली (नियंत्रण) आदेश, 2016' के तहत विभागीय जांच को आरक्षित रखते हुए दुकान का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।

खाद्य मंत्री रिजवान अरशद की सख्त चेतावनी
ई-केवाईसी के नाम पर राशन कार्ड धारकों से पैसे ऐंठने की शिकायतों पर खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री रिजवान अरशद ने कड़ी चिंता जताई है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि भविष्य में किसी भी राशन दुकान द्वारा ऐसी वसूली की शिकायत पाई जाती है, तो दुकान का लाइसेंस तुरंत रद्द कर दोषी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Related News