FASTag Annual Pass: 6 महीने में 50 लाख लोगों ने दिखाई दिलचस्पी! क्या आपने बनवाया अपना स्मार्ट कार्ड? यहाँ जानें पूरा प्रोसेस
punjabkesari.in Sunday, Feb 08, 2026 - 11:37 AM (IST)
नेशनल डेस्क: देश में हाईवे पर सफर करने वालों के बीच फास्टैग एनुअल पास तेजी से लोकप्रिय होता जा रहा है। 15 अगस्त 2025 को लॉन्च किए गए इस पास को अब तक 50 लाख से ज्यादा लोग अपना चुके हैं। सिर्फ छह महीने से भी कम समय में इस पास के जरिए 26.55 करोड़ से अधिक टोल ट्रांजैक्शन दर्ज किए गए हैं, जो इसकी बढ़ती स्वीकार्यता को दिखाता है।
हर चार में से एक कार कर रही एनुअल पास का इस्तेमाल
आंकड़ों के मुताबिक, नेशनल हाईवे नेटवर्क पर होने वाले कुल कार टोल ट्रांजैक्शन में करीब 28 प्रतिशत हिस्सेदारी फास्टैग एनुअल पास की है। यानी अब हर चार में से एक कार इस सुविधा के साथ हाईवे पर दौड़ रही है। यह पास देशभर के करीब 1,150 टोल प्लाजा पर मान्य है।
एक बार भुगतान, सालभर टोल की टेंशन खत्म
फास्टैग एनुअल पास को 3,000 रुपये में खरीदा जा सकता है। यह पास एक साल या 200 टोल क्रॉसिंग (जो पहले पूरी हो जाए) तक मान्य रहता है। इस सुविधा से टोल प्लाजा पर रुकने की परेशानी कम हुई है और बार-बार भुगतान से भी राहत मिली है, जिससे सफर ज्यादा आसान और किफायती हो गया है।
ज्यादा सफर करने वालों के लिए सबसे फायदेमंद
यह पास खासतौर पर उन लोगों के लिए फायदेमंद है, जो काम या निजी कारणों से अक्सर हाईवे पर यात्रा करते हैं। मौजूदा FASTag पर ही इस एनुअल पास को आसानी से एक्टिवेट किया जा सकता है। इसके लिए जरूरी है कि फास्टैग वाहन की विंडशील्ड पर सही तरीके से लगा हो और वह व्हीकल रजिस्ट्रेशन नंबर (VRN) से लिंक हो।
फास्टैग एनुअल पास कैसे बनवाएं?
फास्टैग एनुअल पास बनवाने के लिए यूजर्स राजमार्गयात्रा ऐप या NHAI की आधिकारिक वेबसाइट का इस्तेमाल कर सकते हैं।
राजमार्गयात्रा ऐप से पास लेने का तरीका:
गूगल प्ले स्टोर या ऐपल ऐप स्टोर से राजमार्गयात्रा ऐप डाउनलोड करें
- ऐप खोलकर ‘एनुअल पास’ विकल्प चुनें
- ‘प्री-बुक’ पर क्लिक करें
- ‘गेट स्टार्टेड’ पर टैप करें
- वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर दर्ज करें
- वाहन की डिटेल जांचें
- मोबाइल पर आए OTP को दर्ज करें
- पेमेंट विकल्प चुनकर 3,000 रुपये का भुगतान करें
- ‘कंटिन्यू एंड पे’ पर क्लिक करें
एक पास, एक ही वाहन के लिए मान्य
फास्टैग एनुअल पास सिर्फ एक वाहन के लिए मान्य होता है। जिस गाड़ी के रजिस्ट्रेशन नंबर से फास्टैग लिंक है, उसी पर यह पास काम करेगा। अगर फास्टैग सही तरीके से विंडशील्ड पर नहीं लगाया गया, तो उसे ब्लैकलिस्ट भी किया जा सकता है।
200 ट्रिप की गिनती कैसे होगी?
इस पास में हर बार टोल प्लाजा पार करने पर एक ट्रिप मानी जाती है। अगर आप आने-जाने का सफर करते हैं, तो उसे दो ट्रिप गिना जाएगा। 200 ट्रिप या एक साल पूरा होते ही पास को दोबारा रिन्यू कराना होगा।
यात्रियों को राहत, सिस्टम को मजबूती
फास्टैग एनुअल पास से न सिर्फ यात्रियों का समय बच रहा है, बल्कि टोल प्लाजा पर भीड़ कम होने से ट्रैफिक सिस्टम भी ज्यादा सुचारु हो रहा है। यही वजह है कि आने वाले समय में इस सुविधा से जुड़ने वाले लोगों की संख्या और बढ़ने की उम्मीद है।
