छत्तीसगढ़ में 5 नक्सली गिरफ्तार
punjabkesari.in Saturday, Aug 12, 2017 - 12:46 AM (IST)
रायपुर: छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित सुकमा जिले में पुलिस दल ने पांच नक्सलियों को गिरफ्तार कर लिया है। सुकमा जिले के पुलिस अधिकारियों ने आज भाषा को दूरभाष पर बताया कि जिले के तोंगपाल थाना क्षेत्र में जिला बल और डीआरजी के संयुक्त दल ने पांच नक्सलियों चेतना नाट््य मंच के कमांडर दशरू धुरवा (20) वर्ष, दंडकारण्य आदिवासी किसान मजदूर संगठन के उपाध्यक्ष मड़कामी सोमडू (32), संगठन के सदस्य वेट्टी सुकड़ा (35), गंगाराम धुरवा (32) और हड़मा मड़कामी (30) को गिरफ्तार कर लिया है।
अधिकारियों ने बताया कि तोंगपाल थाना क्षेत्र में जिला बल और डीआरजी के संयुक्त दल को गश्त के लिए रवाना किया गया था। दल जब क्षेत्र में था तब उन्हें नक्सली गतिविधि की जानकारी मिली थी। जानकारी के बाद पुलिस दल ने घेराबंदी कर पांच नक्सलियों को गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार नक्सलियों ने इस महीने की सात तारीख को मुंडागढ़ पहाड़ी के जंगल में पुलिस दल पर गोलीबारी की थी और विस्फोट किया था। इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।