दिल दहला देने वाला हादसाः एक ही परिवार के 5 बच्चों की डूबने से मौत, गांव में छाया मातम
punjabkesari.in Wednesday, Jun 03, 2026 - 10:02 PM (IST)
नेशनल डेस्कः बिहार के मधुबनी जिले में बुधवार को पानी से भरे गड्ढे में डूबने से एक ही परिवार के पांच बच्चों की मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि यह घटना बेनीपट्टी अनुमंडल के पतौना थाना क्षेत्र के केरवार गांव में हुई। उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान अभिषेक (14), प्रशांत (12), सलोनी (10), रिंकू (10) और स्नेहा (9) के रूप में हुई है, जो रिश्ते में एक-दूसरे के भाई-बहन लगते थे।
बेनीपट्टी के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) अमित कुमार ने बताया कि शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है।
वहीं, बेनीपट्टी के अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) शारंग पानी पांडेय ने बताया कि पांच बच्चों की डूबने से मौत हो गई। उन्होंने बताया कि मृतकों के परिजन को आपदा राहत मद से चार-चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
