2024 से पहले 4जी नेटवर्क अरुणाचल प्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्रों सहित हर गांव को जोड़ेगा: रीजीजू

punjabkesari.in Tuesday, Jun 06, 2023 - 09:23 PM (IST)

नेशनल डेस्क: केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने मंगलवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश के अंतरराष्ट्रीय सीमा क्षेत्रों, खासकर अरुणाचल प्रदेश में सड़कों के विकास को प्राथमिकता दी है, ताकि वहां रहने वाले लोगों में विश्वास पैदा किया जा सके। पृथ्वी विज्ञान मंत्री रिजिजू ने कहा कि पहले की नीतियों के विपरीत अब अंतरराष्ट्रीय सीमा क्षेत्रों में विकास के लिए “आखिरी सीमावर्ती गांव को पहला भारतीय गांव माना गया है”।

अरुणाचल प्रदेश म्यांमा, चीन और भूटान के साथ अपनी सीमाएं साझा करता है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि यह “कांग्रेस की नीति थी कि सीमावर्ती क्षेत्रों को इस बहाने विकसित नहीं किया जाए कि अगर वहां बुनियादी ढांचा तैयार किया जाता है, तो चीन भारत के क्षेत्र में आ सकता है और घुसपैठ कर सकता है”। मंत्री ने कहा, “2014 में मोदी सरकार के सत्ता में आने के बाद, नीति बदल गई है और अंतिम सीमावर्ती गांव को सीमावर्ती क्षेत्रों में विकास के लिए पहला भारतीय गांव माना गया है।”

उन्होंने केंद्र में भाजपा नीत राजग सरकार के नौ साल और राज्य में पेमा खांडू सरकार के सात साल पूरे होने पर यहां एक बड़ी रैली में हिस्सा लिया। रिजिजू ने आश्वासन दिया कि 2024 से पहले 4जी नेटवर्क अरुणाचल प्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्रों सहित हर गांव को जोड़ेगा। मंत्री ने पूर्वोत्तर राज्य के लिए केंद्र द्वारा शुरू की गई विकासपरक परियोजनाओं पर भी प्रकाश डाला और दावा किया कि अरुणाचल प्रदेश के प्रतिनिधि के रूप में उन्होंने संसद में पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ अपने कर्तव्य का निर्वहन किया। उन्होंने कहा, “प्रत्येक व्यक्ति, विशेष रूप से राजनीतिक नेताओं को लोगों के कल्याण के लिए हर गतिविधि का रिकॉर्ड रखना चाहिए, क्योंकि वे प्रमाण में विश्वास करते हैं।”

 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

rajesh kumar

Recommended News

Related News