Plane Crash: पायलट की गलती से हुई 40% मौतें...2024 में हुए 95 प्लेन हादसे, ICAO की रिपोर्ट में हुआ बड़ा खुलासा
punjabkesari.in Wednesday, Aug 13, 2025 - 12:04 PM (IST)

नेशनल डेस्क: अगर आप हवाई यात्रा का मन बना रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए चिंता का विषय हो सकती है। अंतरराष्ट्रीय नागरिक उड्डयन संगठन (ICAO) की हाल ही में जारी हुई एक रिपोर्ट ने दुनियाभर के हवाई यात्रियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल उठाए हैं। इस रिपोर्ट के अनुसार, साल 2024 में हवाई हादसों और उनमें होने वाली मौतों में भारी वृद्धि दर्ज की गई है।
2024 में 95 प्लेन हादसे और 296 मौतें
रिपोर्ट के मुताबिक, साल 2024 में दुनियाभर में कुल 95 हवाई हादसे हुए, जिनमें से 10 बड़े हादसों में 296 लोगों की जान चली गई। तुलनात्मक रूप से, 2023 में 66 हादसे हुए थे और केवल 72 मौतें हुई थीं। यह आंकड़ा विमानन सुरक्षा के लिए एक बड़ा खतरा दर्शाता है।
यह भी पढ़ें: बाल गृह भेजे जाने का आदेश मिलते ही 14 साल की लड़की ने हाईकोर्ट से लगाई छलांग, मचा हड़कंप, और फिर...
4 बड़ी वजहें बनी 40% मौतों का कारण
ICAO की रिपोर्ट में कहा गया है कि 2024 में हुई 40% मौतों और 25% हादसों के पीछे ये 4 प्रमुख वजहें थीं:
जमीन या पहाड़ से टक्कर: उड़ान के दौरान विमान का जमीन या पहाड़ से टकराना।
नियंत्रण खोना: पायलट का उड़ान के दौरान विमान पर नियंत्रण खो देना।
हवा में टक्कर: हवा में दो विमानों का आपस में टकरा जाना।
रनवे पर गलती: रनवे पर गलती से विमान का गलत प्रवेश।
इनके अलावा, विमान में एयर टर्बुलेंस (तूफानी हवाओं) के कारण यात्रियों को गंभीर चोटें लगने के मामलों में भी 75% की बढ़ोतरी हुई है।
ICAO ने की ये नई घोषणाएँ
हादसों की बढ़ती संख्या को देखते हुए ICAO ने कुछ नई सुरक्षा योजनाओं की घोषणा की है:
रनवे सुरक्षा योजना: टेकऑफ और लैंडिंग के दौरान होने वाली गलतियों को रोकने के लिए नई गाइडलाइंस जारी की जाएंगी।
तूफानी हवाओं की चेतावनी: पायलटों को उड़ान के दौरान मौसम की जानकारी देने के लिए नई तकनीक लाई जाएगी।
डेटा शेयरिंग: देशों और एयरलाइंस के बीच सुरक्षा से जुड़े डेटा का आदान-प्रदान किया जाएगा।
ICAO ने सभी देशों से अपील की है कि वे सुरक्षा मानकों को सख्ती से लागू करें और यात्रियों की सुरक्षा को सबसे ज़्यादा प्राथमिकता दें।