महाराष्ट्र में सुरक्षाबलों की बड़ी कामयाबी, अब तक 37 नक्सलियों को किया ढेर

punjabkesari.in Wednesday, Apr 25, 2018 - 12:56 PM (IST)

नेशनल डेस्क: महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में सुरक्षा बलों के हाथ बड़ी कामयाबी लगी है। बीते दो दिनों से जारी  नक्सल ऑपरेशन में अब तक 37 नक्सली मार गिराए। गढ़चिरौली के एक पुलिस अधिकारी के मुताबिक मंगलवार को 11 और नक्‍सलियों के शव बरामद किए गए। इससे पहले 36 घंटे चली मुठभेड़ में 16 नक्‍सलियों के शव बरामद किए गए थे। रविवार को भामरागढ़ में 16 नक्सलियों को ढेर किया गया। पिछले 2 दशक में अब तक की यह सबसे बड़ी करवाई है। 

​रविवार को शुरू हुआ अभियान
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के अनुसार कासानसुर के जंगल क्षेत्र में सी-60 स्क्वाड के अभियान में 22 अप्रैल को 16 नक्सलियों (नौ पुरूष और सात महिलाओं) के शव बरामद किए गए। उन्होंने बताया कि भारी वर्षा और मानव बल की कमी के चलते तलाश अभियान रोक दिया गया था। खबरों के अनुसार पुलिस को इस इलाके में 100 नक्सलियों की टुकड़ी की जानकारी मिली। जिसके बाद पुलिस बल ने इस इलाके में कोंबिंग ऑपरेशन शुरू किया। रविवार को पुलिस ने जंगल में घेराबंदी कर दी और सुबह-सुबह नक्सलियों पर हमला किया। सुरक्षा बलों ने करीब 2000 राउंड फायर किए।

जान बचाने नदी में कूदे नक्सली
एडिशनल डायरेक्टर जनरल कनकरत्नम ने बताया कि जवानों के हमला करते ही कुछ नक्सली जान बचाने इंद्रावती नदी में कूदे। कुछ को शायद तैरना नहीं आता था इसलिए वो डूब गए। वहीं संभावना है कि कुछ पर मगरमच्छों ने हमला कर दिया। उन्होंने बताया कि इंद्रावती नदी के आस-पास का इलाका संकरा और पथरीला है। इस कारण हमले के बाद नक्सली भाग नहीं पाए। ना ही उन्हें छिपने के लिए कोई जगह मिली। वहीं जवानों ने मुठभेड़ में दो डिविजनल कमांडर- साईनाथ और श्रीनू को भी मार गिराया। दोनों पर राज्य सरकार ने 16-16 लाख रुपए का इनाम घोषित किया था। 


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

vasudha

Recommended News

Related News