रील बनाते-बनाते दिल दे बैठी 30 साल की रीना, 75 साल के राम सगर से करेंगी शादी; सोशल मीडिया पर चर्चा तेज
punjabkesari.in Saturday, Oct 17, 2026 - 12:21 AM (IST)
औरैयाः कहते हैं कि प्यार उम्र देखकर नहीं होता और उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में इन दिनों ऐसी ही एक अनोखी प्रेम कहानी सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है। यहां 30 साल की ब्लॉगर रीना और 75 साल के राम सगर ने एक-दूसरे से शादी करने का फैसला किया है। दोनों के बीच उम्र में करीब 45 साल का अंतर होने के बावजूद दोनों इस रिश्ते से बेहद खुश हैं।

रील बनाते समय हुई थी पहली मुलाकात
मिली जानकारी के मुताबिक, रीना सोशल मीडिया के लिए वीडियो और रील बनाती हैं। करीब एक साल पहले रील बनाने के दौरान ही उनकी मुलाकात 75 वर्षीय राम सगर से हुई थी। पहली मुलाकात के बाद दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और धीरे-धीरे दोनों को एक-दूसरे से प्यार हो गया। इसके बाद रीना ने राम सगर के साथ शादी करने का फैसला किया। उनके इस फैसले ने कई सोशल मीडिया फॉलोवर्स को हैरान भी किया है, जबकि कुछ लोग इसे उचित बता रहे हैं।

"उम्र से कोई एतराज नहीं, हम खुश हैं"
करीब 6 दिन पहले हुई सगाई की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किए जाने के बाद से यह मामला लगातार चर्चा में बना हुआ है। अपने रिश्ते को लेकर रीना ने साफ कहा कि उन्हें उम्र के इस बड़े अंतर से कोई फर्क या एतराज नहीं पड़ता। उनके मुताबिक, उम्र से ज्यादा मायने एक-दूसरे के साथ रहने और रिश्ते को आगे बढ़ाना है। रीना और राम सगर ने शादी से पहले इंगेजमेंट कर ली है, हालांकि अभी शादी की तारीख परिवार वालों की तरफ से तय की जानी बाकी है। रीना ने बताया कि नवरात्रि के बाद शादी की तारीख फाइनल की जाएगी, जिसके बाद दोनों विवाह के बंधन में बंधेंगे।

