गैस किल्लत के बीच चोरों का बड़ा हाथ! टेम्पो का ताला तोड़कर 27 LPG सिलेंडर ले उड़े बदमाश, इलाके में हड़कंप
punjabkesari.in Saturday, Mar 28, 2026 - 03:33 PM (IST)
नेशनल डेस्क: देशभर में LPG गैस की कमी की खबरों के बीच मुंबई से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। कांदिवली के चारकोप इलाके में अज्ञात चोरों ने एक गैस डिलीवरी टेम्पो को निशाना बनाकर उसमें रखे 27 गैस सिलेंडर चोरी कर लिए। चोरी हुए सिलेंडरों में 5 भरे हुए और 22 खाली सिलेंडर शामिल हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार यह घटना 25 और 26 मार्च की दरमियानी रात की है। मालाड के जय जनता नगर निवासी 35 वर्षीय नंदकुमार रामराज सोनी पिछले सात साल से चारकोप स्थित श्रीजी गैस सर्विस में डिलीवरी मैन के रूप में काम कर रहे हैं। वह रोजाना टेम्पो के जरिए लोगों तक गैस सिलेंडर पहुंचाते हैं।
सिलेंडरों की कुल कीमत लगभग 15,500
बताया गया कि 25 मार्च को भी उन्होंने दिनभर डिलीवरी का काम किया और रात करीब 11 बजे टेम्पो को चारकोप इलाके में खड़ा कर घर चले गए। टेम्पो में अगले दिन की डिलीवरी के लिए गैस सिलेंडर पहले से लोड थे। लेकिन अगली सुबह जब वह करीब 8 बजे वापस लौटे, तो टेम्पो का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जांच करने पर सभी 27 सिलेंडर गायब थे। चोरी हुए सिलेंडरों की कुल कीमत लगभग 15,500 रुपये बताई जा रही है।
घटना के बाद नंदकुमार सोनी ने पहले अपने साथियों से पूछताछ की, लेकिन किसी को भी इस चोरी के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने पुलिस स्टेशन पहुंचकर अज्ञात चोरों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
चोरों के खिलाफ शिकायत दर्ज
चारकोप पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, जिसमें कुछ संदिग्ध लोग वाहनों के साथ नजर आए हैं। उनकी पहचान करने की कोशिश की जा रही है। इसके अलावा पुलिस कबाड़ी बाजार और अवैध गैस कारोबार से जुड़े लोगों से भी पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच हर एंगल से की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ने की कोशिश की जा रही है।
