25 साल की सांसद बनेंगी रिंकू सिंह की दुल्हनिया, जानिए प्रिया सरोज के सियासी सफर के 3 बड़े पड़ाव

punjabkesari.in Sunday, Jun 08, 2025 - 05:54 PM (IST)

नेशनल डेस्क: भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह ने 8 जून, रविवार को लखनऊ में उत्तर प्रदेश की युवा और तेज़-तर्रार सांसद प्रिया सरोज के साथ सगाई कर ली है। इस खबर ने खेल और राजनीति दोनों जगत में हलचल मचा दी है। रिंकू सिंह के प्रशंसक जहाँ उनके नए जीवन की शुरुआत को लेकर उत्साहित हैं वहीं प्रिया सरोज के राजनीतिक करियर को लेकर भी चर्चाएँ तेज़ हो गई हैं। रिंकू सिंह और प्रिया सरोज की सगाई लखनऊ के एक पाँच-सितारा होटल में बड़े ही धूम-धाम से संपन्न हुई। इस निजी समारोह में खेल जगत के साथ-साथ कई राजनीतिक हस्तियों ने भी शिरकत की। समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव और उनकी पत्नी डिंपल यादव भी इस मौके पर नवयुगल को आशीर्वाद देने पहुँचे थे। इस सगाई के साथ ही रिंकू और प्रिया का रिश्ता आधिकारिक तौर पर कन्फर्म हो गया है। खबरें हैं कि यह खूबसूरत जोड़ा इसी साल 18 नवंबर को वाराणसी के ताज होटल में शादी के बंधन में बंध जाएगा।

कौन हैं प्रिया सरोज: एक युवा सांसद का तेज़-तर्रार राजनीतिक उदय

रिंकू सिंह की मंगेतर प्रिया सरोज सिर्फ एक नाम नहीं बल्कि राजनीति में एक उभरता हुआ चेहरा हैं। वह उत्तर प्रदेश की मछलीशहर लोकसभा सीट से समाजवादी पार्टी (SP) की सांसद हैं। सबसे खास बात यह है कि उन्होंने अपने राजनीतिक करियर का पहला ही चुनाव जीता है, वो भी महज़ 25 साल की उम्र में। उनकी यह जीत उन्हें भारत की सबसे युवा सांसदों में से एक बनाती है।

राजनीतिक विरासत की वाहक, पर अपनी पहचान अलग

प्रिया सरोज को राजनीति विरासत में मिली है। उनके पिता, तूफानी सरोज, भी समाजवादी पार्टी के एक अनुभवी नेता हैं और साल 1999, 2004, और 2009 में सैदपुर लोकसभा (आरक्षित) सीट से सांसद रह चुके हैं। हालाँकि, 2019 के चुनावों में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था, लेकिन उनकी बेटी प्रिया ने 2024 के लोकसभा चुनाव में इसी सीट से जीत हासिल कर अपने परिवार की राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाया और अपनी एक अलग पहचान बनाई।

पॉलिटिकल करियर की 3 बड़ी बातें

  1. ड्रीम डेब्यू – पहला चुनाव और सीधे 35 हज़ार से ज़्यादा वोटों की बढ़त।

  2. पारिवारिक विरासत – तीन बार के सांसद पिता तूफानी सरोज की राजनीतिक सीख को आगे बढ़ाया।

  3. युवा नेतृत्व – 25 साल की उम्र में लोकसभा की सबसे तरोताजा आवाज बनने का मौका।

लोकसभा चुनाव 2024 में शानदार जीत

लोकसभा चुनाव 2024 में प्रिया सरोज ने समाजवादी पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ा और भारतीय जनता पार्टी के कद्दावर उम्मीदवार बीपी सरोज को 35,850 वोटों के बड़े अंतर से हराया। यह जीत उनकी युवा नेतृत्व क्षमता, पार्टी के प्रति निष्ठा और जनता के बीच उनकी बढ़ती लोकप्रियता को दर्शाती है। भारतीय संसद में पहुंचने वाली प्रिया सरोज पहली बार की महिला उम्मीदवार हैं, जो अपनी मेहनत और लगन से इस मुकाम तक पहुंची हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ashutosh Chaubey

Related News