हरियाणा के योगदान को प्रदर्शित कर रहे 23 पैनल

punjabkesari.in Wednesday, Nov 30, 2022 - 08:38 PM (IST)


चण्डीगढ़ 30 नवंबर - (अर्चना सेठी) अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव में ब्रह्मसरोवर के तट पर पुरुषोत्तमपुरा बाग में लगी राज्य प्रदर्शनी गीतामय हो गई है, तभी यह प्रदर्शनी लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। इस प्रदर्शनी का उद्घाटन 29 नवंबर को भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू, राज्यपाल श्री बंडारू दत्तात्रेय व मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने किया था। यहां पर श्रीमद्भगवद्गीता के प्रसंग, गीता सार, हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय व मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल का संदेश, स्वतंत्रता संग्राम में हरियाणा के वीरों के योगदान को 23 पैनल के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है। इसके साथ-साथ हरियाणा सरकार के 8 साल के कार्यकाल की बड़ी उपलब्धियों को दिखाया गया है। प्रदर्शनी को बड़ी संख्या में लोग देखने के लिए पहुंच रहे हैं। इस प्रदर्शनी को सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग द्वारा लगाया गया है।

प्रदर्शनी में 27 स्टॉल भी लगाए गए हैं, जिसमें 29 विभाग हरियाणा सरकारी की योजनाओं, परियोजनाओं, सुविधाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचा रहे हैं। प्रदर्शनी को भव्य स्वरूप दिया गया है। इसी वजह से यहां पहुंच रहा हर व्यक्ति इसके आकर्षण से मंत्रमुग्ध होकर सेल्फी लिए बिना नहीं रह रहा। राज्य प्रदर्शनी के हॉल में बीचों-बीच श्रीमद्भगवद्गीता की प्रति को स्थापित किया गया है। प्रदर्शनी में गीता प्रसंग को एक गीता उपदेश के साक्षी वृक्ष के माध्यम से दर्शाया गया है, जिन्हें पढक़र गीता ज्ञान की प्राप्ति होती है।  


हरियाणा राज्य प्रदर्शनी के गलियारे में 48 कोस के तीर्थों की जानकारी दी गई है। इन तीर्थों को फोटो व विवरण सहित दिखाया गया है, जिससे अद्भुत छटा प्रस्तुत हो रही है। इस प्रदर्शनी में पहुंच रहे लोग इस संबंध में जानकारी प्राप्त कर रहे हैं। इसके साथ-साथ कुरुक्षेत्र में तीर्थाटन को बढ़ावा देने के लिए हरियाणा सरकार व मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल के प्रयासों को दिखाया गया है। इसमें समय-समय पर मुख्यमंत्री का कुरुक्षेत्र में दौरा, उनके द्वारा तीर्थों का भ्रमण, हरियाणा सरकार द्वारा दी जा रही वित्तीय सहायता, सरकार की घोषणाओं को बताया गया है।  


सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग द्वारा 29 विभागों की प्रदर्शनी लगाई गई है। इसमें मत्स्य पालन विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, पुरातत्व एवं संग्रहालय विभाग, स्वास्थ्य विभाग, सूक्ष्म सिंचाई और कामन क्षेत्र विकास प्राधिकरण, हरियाणा तालाब और अपशिष्ट जल प्रबंधन प्राधिकरण, दृश्य, हरियाणा अंतरिक्ष अनुप्रयोग केंद्र, नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा विभाग, हरियाणा पर्यटन निगम लिमिटेड, अभिलेखागार, हरियाणा सरस्वती धरोहर विकास बोर्ड, खेल एवं युवा मामले विभाग, हरियाणा राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद, वन विभाग, हरियाणा खादी ग्रामोद्योग बोर्ड, बागवानी विभाग, कृषि विभाग, हैफेड आदि मुख्य रूप से शामिल हैं। प्रदर्शनी में पहुंच रहे लोग सरकार के इन विभागों की योजनाओं की जानकारियां ले रहे हैं।


हरियाणा राज्य प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री मनोहर लाल की तस्वीरें लगाई गई हैं। प्रदर्शनी देखने आने वाले लोगों में सेल्फी लेने का क्रेज है। इसके साथ-साथ प्रदर्शनी में अन्य कट आउट भी लगाए गए हैं, इसके साथ भी लोग बड़ी संख्या में सेल्फी ले रहे हैं। राज्य प्रदर्शनी हॉल में बड़ी स्क्रीन लगाकर हरियाणा सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को लघु फिल्म के माध्यम से दिखाया जा रहा है। इसे देखने के लिए भी हॉल में लोग रुक रहे हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Archna Sethi

Recommended News

Related News