पुणे में चाकू की नोंक पर 19 साल की लड़की से गैंगरे/प, वीडियो भी बनाया

punjabkesari.in Tuesday, Mar 04, 2025 - 11:18 AM (IST)

नेशनल डेस्क: महाराष्ट्र के पुणे में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां शिरूर तालुका के एक गांव में 19 साल की लड़की के साथ चाकू की नोंक पर गैंगरेप किया गया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने लड़की और उसके रिश्तेदार की आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो भी बना लीं, जिससे वे पीड़िता को ब्लैकमेल कर सकें। पुणे पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

कैसे हुई वारदात?

पुलिस के अनुसार, पीड़िता मध्य प्रदेश की रहने वाली है और वह अपने रिश्तेदारों से मिलने पुणे के शिरूर आई थी। 1 मार्च की रात करीब 11 बजे, जब वह अपने रिश्तेदार के साथ बाहर खड़ी थी, तभी आरोपी किशोर काले और अमोल पोटे बाइक से आए। दोनों ने पहले युवती को और उसके रिश्तेदार को चाकू दिखाकर डराया और फिर लड़की को सुनसान जगह पर ले जाकर बारी-बारी से उसके साथ दुष्कर्म किया। इतना ही नहीं, आरोपियों ने लड़की और उसके रिश्तेदार को आपत्तिजनक कृत्य करने के लिए मजबूर किया और इसका वीडियो भी बना लिया। बाद में दोनों ने धमकी दी कि अगर किसी को इस बारे में बताया तो जान से मार देंगे। डराने के बाद वे लड़की के गहने और पैसे लूटकर मौके से फरार हो गए।

पुलिस ने तेजी से की कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही पुणे ग्रामीण पुलिस हरकत में आ गई। पुलिस अधीक्षक पंकज देशमुख ने खुद घटनास्थल का दौरा किया और मामले की विस्तृत जानकारी ली। पुलिस ने 2 मार्च को एफआईआर दर्ज कर ली थी और तेजी से जांच शुरू कर दी थी। पुलिस ने इस मामले में आरोपी किशोर काले और अमोल पोटे को गिरफ्तार किया है। कोर्ट ने दोनों को 7 मार्च तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है।

क्या बोले पुलिस अधिकारी?

पुणे पुलिस ने बताया कि आरोपी किशोर काले एक ड्राइवर है और अमोल पोटे मजदूरी का काम करता है। शुरुआती जांच में यह पता चला है कि दोनों आरोपी पहले भी अपराध में संलिप्त रहे हैं। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि कहीं इन्होंने पहले भी ऐसी कोई वारदात को अंजाम तो नहीं दिया।
पीड़िता के परिवार ने आरोपियों को कड़ी सजा देने की मांग की है। उनका कहना है कि आरोपियों ने न केवल उनकी बेटी का जीवन बर्बाद किया, बल्कि उसे मानसिक रूप से तोड़ने की भी कोशिश की।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ashutosh Chaubey

Related News