मध्य प्रदेश: भाजपा के 18 साल के शासनकाल में 18,000 किसानों ने आत्महत्या की, राहुल गांधी का बीजेपी पर निशाना

punjabkesari.in Saturday, Sep 30, 2023 - 01:39 PM (IST)

नेशनल डेस्क: मध्य प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर सभी पार्टियों ने तैयारियां शुरू कर दी है। एक ओर जहां बीजेपी राज्य में सत्ता वापसी के लिए पूरी ताकत लगा रही है तो दूसरी ओर कांग्रेस बीजेपी को सत्ता से बाहर करना चाहती है। इस बीच कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी मध्य प्रदेश के दौरे पर हैं। उन्होंने एक रैली को संबोधित करते हुए बीजेपी को जमकर घेरा। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में भाजपा के 18 वर्ष के शासन में 18,000 किसानों ने आत्महत्या की। 

हमने कर्नाटक में अपना वादा पूरा किया
राहुल गांधी ने कहा, ''मध्य प्रदेश सरकार किसानों को उनकी फसल का सही दाम नहीं दे रही है। जाकर छत्तीसगढ़ के किसानों से पूछिए कि उन्हें धान की फसल का कितना पैसा मिलता है। हमने कर्नाटक में जो वादा किया था, उसे पूरा किया।'' भारत के इतिहास में पहली बार किसान टैक्स दे रहे हैं। उन्होंने जीएसटी लागू किया... हमारी सरकार गरीबों और किसानों के लिए काम करती है।'' कांग्रेस नेता ने कहा जब मैं केंद्र सकार से सवाल पूछता हूं कि देश में कितने दलित, ओबीसी, आदिवासी, जनरल हैं तो वह इसका जवाब नहीं दे पाता। राहुल गांधी ने कहा अगर कांग्रेस सत्ता में आई, तो ओबीसी समुदाय के लोगों की वास्तविक संख्या जानने के लिए देश में जाति जनगणना कराई जाएगी। 

 

भाजपा का काम नफरत फैलाना 
कांग्रेस नेता ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि, ''एक तरफ कांग्रेस पार्टी, गांधीजी हैं और दूसरी तरफ बीजेपी, आरएसएस और गोडसे हैं। एक तरफ नफरत और हिंसा है तो दूसरी तरफ प्यार, सम्मान और भाईचारा है।'' वे (भाजपा) जहां भी जाते हैं, नफरत फैलाते हैं। कांग्रेस नेता ने दावा किया कि देश को कैबिनेट सचिव और सचिवों सहित केवल 90 अधिकारी चला रहे हैं, जबकि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसदों और विधायकों की देश में नीतियां और कानून बनाने में कोई भूमिका नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के निर्वाचित सदस्यों के बजाय राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सदस्य और नौकरशाह कानून बना रहे हैं।
PunjabKesari

18,000 किसानों ने आत्महत्या की
मध्य प्रदेश को देश में भ्रष्टाचार का ''केंद्र'' करार देते हुए राहुल ने कहा, ''व्यापमं जैसे घोटालों ने राज्य को हिलाकर रख दिया है। एमबीबीएस की सीट बेची जाती है, परीक्षा के पेपर बेचे जाते हैं, लीक होते हैं और बच्चों के भोजन, गणवेश के अलावा महाकाल लोक कॉरिडोर के निर्माण में भी चोरी की गई।'' कांग्रेस नेता ने दावा किया कि मध्य प्रदेश में पिछले 18 वर्षों में 18,000 किसानों ने आत्महत्या की है। उन्होंने आरोप लगाया, ''इसका मतलब है कि राज्य में हर दिन तीन किसान अपनी जान दे देते हैं।'' 



 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

rajesh kumar

Related News