दादी की 13वीं पर खुद कफन में लिपटकर घर पहुंची पोते की देह, लखनऊ कोचिंग अग्निकांड ने छीन लिए दो घरों के चिराग
punjabkesari.in Tuesday, Jun 23, 2026 - 12:37 PM (IST)
नेशनल डेस्क: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलीगंज इलाके में स्थित एक बहुमंजिला इमारत में भीषण आग लगने से 15 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे में दो जिगरी दोस्तों की मौत भी हुई है। मृतकों की पहचान संयम (28 वर्ष, निवासी गोविंदनगर) और सूरजभान (22 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों युवक लखनऊ की इसी बिल्डिंग में डिजाइनिंग का काम करते थे। बताया जा रहा है कि संयम हाल ही में अपनी दादी के निधन के बाद कानपुर आया था और अंतिम संस्कार की रस्में पूरी कर वापस लौटा था। दोनों दोस्तों की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
जान बचाने के लिए तारों और पाइपों से लटके लोग
हादसे के समय मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार उस समय वहां पर व्यावसायिक गतिविधियों के लिए किया जा रहा था। बिल्डिंग में गेमिंग जोन, पेट शॉप और कई दुकानें चल रही थीं। बिल्डिंग में आने- जाने का बस एक ही रास्ता था। आगे के हिस्से में आग लगने के कारण बाहर निकलने का मार्ग पूरी तरह बंद हो गया। जिस समय आग लगी उस समय खुद को बचाने के लिए लोगों ने पाइपों और बिजली की तारों का सहारा लेकर बाहर निकलना शुरु किया। हादसे के दौरान घबराहट में एक युवक ने खिड़की का शीशा तोड़कर नीचे छलांग लगा दी, लेकिन वह सीधे नीचे लगी नुकीली लोहे की रेलिंग पर जा गिरा। गंभीर चोट और ज्यादा खून बह जाने के कारण उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इमारत के तीन तरफ दूसरी बिल्डिंग्स होने के कारण वेंटिलेशन नहीं था। दहशत में बच्चे पीछे के कमरों की तरफ भागे, लेकिन धुआं वहां भी फैल गया। अधिकांश मौतों का कारण दम घुटना बताया जा रहा है।
