मुंबई में मचा हड़कंप! ऑडिशन के नाम पर 15-20 बच्चों को बनाया बंधक, ऐसे हुआ मामले का खुलासा
punjabkesari.in Thursday, Oct 30, 2025 - 04:27 PM (IST)
नेशनल डेस्क: मुंबई में गुरुवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। मायानगरी मुंबई में जुहू स्थित आर ए स्टूडियो में एक व्यक्ति ने ऑडिशन के लिए आए 15 से 20 बच्चों को पहली मंज़िल के कमरे में बंधक बना लिया। पुलिस ने घंटों की मशक्कत के बाद आरोपी को दबोचा और सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है।
ऑडिशन के दौरान मचा हड़कंप
बताया जा रहा है यह चौंकाने वाली घटना जुहू के आर ए स्टूडियो की है, जहाँ एक्टिंग क्लासेस चलती हैं। जानकारी के अनुसार सुबह करीब 100 बच्चे ऑडिशन देने के लिए स्टूडियो पहुँचे थे। स्टूडियो में काम करने वाले और यूट्यूब चैनल चलाने वाले रोहित नाम के एक व्यक्ति ने 15 से 20 बच्चों को अचानक एक कमरे में बंद कर लिया।
इस मामले में रोहित नाम के एक व्यक्ति का नाम सामने आया है। ऐसा बताया जा रहा है कि पिछले 4 से 5 दिनों से यहां पर ऑडिशन हो रहे थे। उसने शुरुआत में 80 बच्चों को जाने दिया, लेकिन बाकी को रोक लिया। जब बच्चे खिड़कियों से बाहर झाँकने लगे, तो बाहर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
