11 साल के मासूम की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या, नीले ड्रम में लाश छिपाकर कातिल फरार
punjabkesari.in Monday, Apr 20, 2026 - 11:35 PM (IST)
नेशनल डेस्कः मध्यप्रदेश के सतना शहर में सोमवार को पांचवीं कक्षा के एक छात्र की धारदार हथियार से गला रेत कर निर्मम हत्या कर दी गई और शव को एक नीले रंग के ड्रम में छिपा दिया गया। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि यह घटना शहर के कोलगवां थाना क्षेत्र की बैंक कालोनी में प्रिया नर्सरी के पास किराए के एक मकान में हुई, जहां पीड़ित परिवार विगत 15 महीनों से रह रहा था। उन्होंने बताया कि परिजनों ने एक व्यक्ति पर हत्या का संदेह जताया है, जिसके बाद उसकी तलाश के लिए पुलिस ने तीन टीमें गठित की हैं।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) शिवेश सिंह ने पत्रकारों को बताया कि मृतक छात्र के गले पर धारदार हथियार के कई निशान मिले हैं। मृतक छात्र शिवराज रंजक थाना सभापुर के नयागांव निवासी रमेश रंजक का पुत्र है और वह 'जीनियस हायर सेकेंडरी स्कूल' के पांचवीं कक्षा का छात्र था। सिंह ने बताया कि मृतक की मां और बड़ी बहन ने घर के नजदीक ड्राइक्लीनियर की दुकान चलाने वाले मथुरा रजक नाम के एक व्यक्ति पर हत्या का संदेह जताया है। उन्होंने बताया कि संदिग्ध फरार हो गया है और उसकी तलाश में पुलिस की टीमें छापामारी कर रही हैं। पुलिस के मुताबिक, घटना के दिन शिवराज घर अकेला था, उसके पिता गांव गए हुए थे और मां दूसरे के घर में खाना बनाने गई हुई थी।
सिंह ने बताया कि दोपहर एक बजे के करीब शिवराज की मां काम कर घर लौटी तो उसे घर के दरवाजे पर ताला लगा हुआ मिला। उन्होंने बताया कि मां ने अपनी बेटी को फोन कर शिवराज के बारे में पूछा तो उसने बताया कि वह उसे घर पर छोड़कर आई थी। सिंह ने बताया कि मोहल्ले में शिवराज का जब कुछ पता नहीं चला तो उसकी मां ने कोलगवां थाने में शिकायत दर्ज कराई।
उन्होंने बताया कि पुलिस नाबालिग छात्र की तलाश करते हुए उसके घर पहुंची और ताला तोड़कर घर के अंदर घुसी तो खून के छींटें पड़े हुए मिले। अधिकारी ने बताया, "एक तकिया खून से सना पड़ा मिला। नजदीक ही खून से सनी धारदार हसिया पड़ी मिली। पुलिस ने घर के सामान की तलाशी लेनी शुरू की। घर के अंदर रखे नीले ड्रम में खून के छींटे देख पुलिस को संदेह हुआ। ड्रम को खोला गया तो अंदर शिवराज की लाश मिली।"
