Important Days: 20 जून से लेकर 23 जून तक रहेंगे
punjabkesari.in Monday, Jun 20, 2016 - 01:57 PM (IST)

20 जून विश्व शरणार्थी दिवस
प्रत्येक वर्ष 20 जून को विश्वभर में विश्व शरणार्थी दिवस मनाया जाता है। यह दिवस उन लोगों के साहस, शक्ति और संकल्प के प्रति सम्मान व्यक्त करने के लिए मनाया जाता है जिन्हें प्रताडऩा, संघर्ष और हिंसा की चुनौतियों के कारण अपना देश छोड़कर बाहर भागने को मजबूर होना पड़ता है। शरणार्थियों की दुर्दशा की ओर ध्यान आकर्षित करने और शरणार्थी समस्याओं को हल करने के लिए ही यह दिवस मनाया जाता है।
21 जून विश्व संगीत दिवस
विश्व संगीत दिवस प्रत्येक वर्ष 21 जून को मनाया जाता है। इस दिवस को ‘फेटे डी ला म्यूजिक’ के नाम से भी जाना जाता है। इसका अर्थ म्यूजिक फैस्टिवल है। इसकी शुरूआत 1982 में फ्रांस में हुई थी। इसको मनाने का उद्देश्य लोगों को संगीत के प्रति जागरूक करना है ताकि उनका विश्वास संगीत से न उठे। साथ ही संगीत विशेषज्ञों व नए कलाकारों को एक मंच पर लाना है। फ्रांस में यह संगीतोत्सव न केवल 21 जून को मनाया जाता है बल्कि कई शहरों में तो एक महीने पहले से शुरू हो जाता है। आज दुनिया के कई देशों में संगीत दिवस पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं तथा कलाकारों को सार्वजनिक स्थलों पर बेझिझक कार्यक्रम पेश करने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है।
21 जून विश्व योग दिवस
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 21 जून को मनाया जाता है। 21 जून, 2015 को इसे पहली बार मनाया गया जिसकी पहल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 27 सितम्बर, 2014 को संयुक्त राष्ट्र महासभा में अपने भाषण से की थी। इसके बाद 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस घोषित किया गया। 11 दिसम्बर, 2014 को संयुक्त राष्ट्र में 193 सदस्यों द्वारा 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को मनाने के प्रस्ताव को मंजूरी मिली। इस प्रस्ताव को 90 दिनों के अंदर पूर्ण बहुमत से पारित किया गया जो संयुक्त राष्ट्र संघ में किसी दिवस के लिए सबसे कम समय है। इसका मकसद विश्वभर के लोगों को योग के सभी फायदों से अवगत करवाना तथा इसे प्रोत्साहित करवाना है।
23 जून संयुक्त राष्ट्र लोक सेवा दिवस
विश्वभर में 23 जून को संयुक्त राष्ट्र लोक सेवा दिवस के रूप में मनाया जाता है। वर्ष 2002 में संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 23 जून को संयुक्त राष्ट्र लोक सेवा दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की थी। इस दिन उन लोगों को सम्मानित किया जाता है जो मानवता की सेवा की जिम्मेदारी स्वीकार करते हैं और जनता की सेवा संस्थानों में उत्कृष्टता और नवाचार के लिए योगदान करते हैं। प्रत्येक वर्ष इस दिन संयुक्त राष्ट्र जनसेवा पुरस्कार प्रदान किए जाते हैं। संयुक्त राष्ट्र प्रतिवर्ष अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले संस्थानों को इस पुरस्कार से सम्मानित करता है।