चार राज्यों में सिमटी कांग्रेस अब जीरो पर होगी आउट : सुशील

Thursday, Dec 28, 2017 - 12:51 AM (IST)

पटना : बिहार के उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने कहा कि राहुल गांधी के अध्यक्ष बनते ही कांग्रेस पार्टी केवल चार राज्यों में ही सिमट कर रह गई और अब चार राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव में वह जीरो पर आउट होगी।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता मोदी ने गुजरात और हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्रियों के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होकर लौटने के बाद कहा कि राहुल गांधी के अध्यक्ष बनने के 24 घंटे के अंदर कांग्रेस देश के मात्र चार राज्यों में सिमट कर रह गई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेसी चाहे जितनी शेखी बघार लें लेकिन अगले चार-पांच महीने में त्रिपुरा, मेघालय, मिजोरम और कर्नाटक में होने वाले विधानसभा चुनाव होने में वह जीरो पर आउट हो जाएगी।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि राहुल गांधी के एड़ी-चोटी का जोर लगाने, चुनाव को जातीय रंग देने, वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) को‘गब्बर सिंह टैक्स’कह कर मुद्दा बनाने की तमाम कोशिशों के बावजूद 22 वर्षों से लगातार सत्ता में रही भाजपा जहां गुजरात बचाने में सफल रही वहीं सरकार रहने के बावजूद कांग्रेस हिमाचल प्रदेश में चुनाव हार गई।

उन्होंने कहा कि गुजरात में जहां भाजपा को स्पष्ट बहुमत मिला वहीं हिमाचल प्रदेश में वह दो-तिहाई सीट जीतने में सफल रही। उन्होंने कहा कि नोटबंदी के विरोध का खामियाजा कांग्रेस पहले ही उत्तर प्रदेश में भुगत चुकी है।

मोदी ने कहा कि शपथग्रहण के बाद मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश में पार्टी के प्रभारी रहे बिहार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पाण्डेय की भूमिका की जहां सराहना की वहीं पिछले छह महीने से हिमाचल प्रदेश में काम कर रहे बिहार के दर्जनों कार्यकर्ताओं को भी धन्यवाद दिया। 

Advertising