पुतिन ने अमरीका की नई आक्रामक रक्षा रणनीति की आलोचना की

Friday, Dec 22, 2017 - 08:35 PM (IST)

मॉस्कोः रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने अमरीका की नई रक्षा रणनीति को ‘आक्रामक’ बताया। गौरतलब है कि अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हाल में अमरीका की नई रक्षा रणनीति जारी की थी। पुतिन ने कहा, ‘इस सप्ताह की शुरूआत में जारी नई रक्षा रणनीति कूटनीतिक मायने में साफ तौर पर आक्रामक प्रकृति की है और अगर हमें सैन्य भाषा का इस्तेमाल करना पड़े तो स्पष्ट तौर पर आक्रामक है।’

उन्होंने कहा,‘हमारे व्यावहारिक काम के दौरान हमें अवश्य इस पर विचार करना चाहिये।’ पुतिन ने खासतौर पर यूरोप में अमरीका और नाटो की मौजूदगी को बढ़ाने की आलोचना की। उन्होंने कहा कि मॉस्को को अपनी संप्रभुता और दुनिया में अपने हितों की रक्षा सुनिश्चित करने के लिए शक्तिशाली आधुनिक सेना का गठन करने का प्रयास करना चाहिए।

पुतिन ने कहा, ‘‘रूस अवश्य उन अग्रणी देशों में होगा और कुछ क्षेत्रों में बिल्कुल नेता होगा जब बात नई पीढ़ी की सेना की होगी।’’ पुतिन ने कहा,‘‘हमारी संप्रभुता सुनिश्चित करने के लिए यह महत्वपूर्ण है।’’ उन्होंने कहा, ‘हमें दुनिया के शक्ति के संतुलन में बदलाव   का अवश्य अनुक ‘रण करना चाहिए खासतौर पर रूसी सीमा के निकट और यूरोप में जहां नाटो के आधारभूत ढांचे का निर्माण बेहद तेजी से किया जा रहा है।’’

उन्होंने अमेरिका पर 1987 की इंटरमीडिएट न्यूक्लियर फोर्सेज (आईएनएफ) संधि का उल्लंघन करने का आरोप लगाया। इस संधि के तहत छोटी और मध्यम दूरी की सभी परमाणु और पारंपरिक मिसाइलों को नष्ट किया गया था। 

Advertising