डाक्टरों का नया चमत्कार ! सुअर की किडनी लगाकर बचाई इंसान की जान, मरीज स्वस्थ होकर लौटा घर

punjabkesari.in Saturday, Feb 08, 2025 - 05:55 PM (IST)

International Desk: चिकित्सा विज्ञान में एक क्रांतिकारी सफलता हासिल हुई है। वैज्ञानिकों ने पहली बार जीन-संशोधित सुअर की किडनी ( Pig Kidney Transplant) को इंसान में प्रत्यारोपित करने में सफलता पाई है। 66 वर्षीय टिम एंड्रयूज नामक मरीज पर यह सर्जरी जनवरी के अंत में की गई थी, और वह अब पूरी तरह स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं। इस उपलब्धि से किडनी फेल्योर से जूझ रहे लाखों मरीजों को नई उम्मीद मिली है।  यह सर्जरी मैसाचुसेट्स जनरल हॉस्पिटल (MGH) में की गई, जहां वैज्ञानिकों ने विशेष रूप से जीन-संशोधित सुअर की किडनी को मानव शरीर में प्रत्यारोपित किया। यह पहला मौका था जब यूएस फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) द्वारा स्वीकृत क्लिनिकल ट्रायल के तहत सुअर की किडनी इंसान में लगाई गई।

   यह भी पढ़ेंः-सनसनीखेज दावाः ट्रूडो ने किया कबूल, सच हो सकता ट्रंप का कनाडा को अमेरिका में मिलाने का प्लान 

अमेरिका में इस समय एक लाख से अधिक मरीज अंग प्रत्यारोपण का इंतजार कर रहे हैं, जिनमें से अधिकांश को किडनी की जरूरत है। लेकिन अंगदाताओं की भारी कमी के चलते हर साल हजारों लोगों की मौत हो जाती है। इस समस्या से निपटने के लिए वैज्ञानिक लंबे समय से ऐसे तरीकों की खोज कर रहे थे जिससे पशुओं के अंगों को इंसानों में प्रत्यारोपित किया जा सके। अमेरिका में यह चौथा मौका है जब सुअर की किडनी का प्रत्यारोपण किया गया, लेकिन यह पहला ट्रांसप्लांट है जिसे  FDA-अनुमोदित क्लिनिकल ट्रायल के तहत किया गया। इससे पहले हुए दो प्रत्यारोपण में मरीजों की मृत्यु हो गई थी, जिनमें से एक पहले से ही गंभीर रूप से बीमार था।  


यह भी पढ़ेंः-एलन मस्क और ट्रंप को झटकाः कोर्ट ने USAID कर्मचारियों को नौकरी से निकालने के आदेश पर लगाई रोक

 इस प्रक्रिया में वैज्ञानिक सुअरों के जीन में बदलाव करते हैं ताकि उनके अंग मानव शरीर में अस्वीकृत न हों। इस तकनीक पर कई बायोटेक कंपनियां काम कर रही हैं, जिनमें  eGenesis  नामक कंपनी अग्रणी है। उनके द्वारा विकसित जीन-संशोधित अंगों को आने वाले महीनों में छह अन्य मरीजों पर भी आजमाया जाएगा, और भविष्य में यह संख्या बढ़कर 50 तक हो सकती है। विशेषज्ञों का मानना है कि अगर यह तकनीक सफल रही, तो इसे अन्य अंगों जैसे हृदय और यकृत (लीवर)  के प्रत्यारोपण में भी इस्तेमाल किया जा सकता है। इससे दुनिया भर में अंग प्रत्यारोपण के लिए मरीजों को लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा और लाखों लोगों की जान बचाई जा सकेगी। सुअर की किडनी का सफल प्रत्यारोपण चिकित्सा विज्ञान में एक ऐतिहासिक उपलब्धि मानी जा रही है। अगर यह प्रयोग बड़े स्तर पर सफल होता है, तो यह मानव अंग प्रत्यारोपण की दुनिया में एक नया युग साबित हो सकता है।
  

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tanuja

Related News