अमेरिकी घरों की छतें क्यों रहती हैं खाली? बिना टंकी के नलों में कैसे आता है फुल प्रेशर पानी, जानें

punjabkesari.in Tuesday, Mar 03, 2026 - 04:26 PM (IST)

US Houses Don't Have Rooftop Water Tanks : भारत में सुबह-सुबह मोटर चलाने और छत की टंकी भरने की आवाजें आम हैं लेकिन अमेरिका में ऐसा कोई शोर नहीं सुनाई देता। वहां के घरों की छतों पर न तो प्लास्टिक की नीली-काली टंकियां होती हैं और न ही लोहे के स्टैंड। आखिर वहां लोग पानी स्टोर कैसे करते हैं? असल में वहां का सिस्टम स्टोर करने के बजाय सीधे सप्लाई करने के सिद्धांत पर काम करता है।

1. 24x7 हाई-प्रेशर सप्लाई: मोटर की जरूरत ही नहीं

अमेरिका में पानी नगर निगम की मुख्य पाइपलाइन से सीधे आपके नल तक आता है। वहां पानी की सप्लाई 24 घंटे और बहुत तेज़ दबाव (High Pressure) के साथ रहती है। भारत में पानी अक्सर कुछ ही घंटों के लिए आता है इसलिए हमें स्टोरेज की जरूरत पड़ती है। अमेरिका में पाइपलाइन में इतना प्रेशर होता है कि पानी सीधे दूसरी या तीसरी मंजिल तक बिना किसी मोटर के पहुंच जाता है।

2. व्यक्तिगत नहीं, सामुदायिक स्टोरेज 

वहां हर घर की अपनी टंकी होने के बजाय पूरे मोहल्ले या शहर के लिए एक विशाल वॉटर टावर होता है। ये टावर काफी ऊंचाई पर बनाए जाते हैं जिससे गुरुत्वाकर्षण (Gravity) के जरिए पूरे इलाके के घरों में एक जैसा प्रेशर बना रहता है। यानी स्टोरेज का काम व्यक्तिगत स्तर के बजाय सरकारी या सामूहिक स्तर पर होता है।

यह भी पढ़ें: Pregnant Girlfriend के पेट में! युवक बोला- 'शादी करनी है तो धर्म बदलो, मैं ईसाई हूं, शादी का वादा कर बनाता रहा संबंध, जिसके बाद...

3. कड़ाके की ठंड और मौसम का डर

अमेरिका के कई हिस्सों में तापमान शून्य से नीचे चला जाता है। अगर वहां छत पर खुली टंकी रखी जाए तो पानी जम जाएगा और बर्फ के दबाव से पाइप या टंकी फट सकती है। इस समस्या से बचने के लिए वहां पाइपलाइन जमीन के काफी नीचे (Frost Line के नीचे) बिछाई जाती है ताकि पानी जमे नहीं।

4. आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर और मेंटेनेंस

वहां का पाइपलाइन नेटवर्क बेहद आधुनिक है। लीकेज और पानी की चोरी न के बराबर होती है। मजबूत और मेंटेन इंफ्रास्ट्रक्चर की वजह से सिस्टम में दबाव कम नहीं होता जो सीधे नलों में पानी पहुंचाने में मदद करता है।

यह भी पढ़ें: पथरी के मरीजों के लिए जरूरी खबर: जानें क्या खून की जांच से भी पकड़ा जा सकता है Kidney Stone?

5. बिल्डिंग कोड और घर की बनावट

अमेरिका में घर बनाने के नियम (Building Codes) बहुत सख्त हैं। वहां घरों की छतें अक्सर ढलवां (Slanted) बनाई जाती हैं ताकि बर्फ और बारिश का पानी जमा न हो। ऐसी छतों पर भारी-भरकम पानी की टंकियां रखना न तो सुरक्षित है और न ही इसकी कानूनी अनुमति मिलती है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Rohini Oberoi

Related News