Condom Festival: इस देश की अनोखी परंपरा! यहां हर साल मनाया जाता है कंडोम फेस्टिवल, जानें क्या है इसका असली मकसद
punjabkesari.in Wednesday, Sep 17, 2025 - 02:35 PM (IST)

इंटरनेशनल डेस्क। दुनिया भर में कई तरह के त्यौहार मनाए जाते हैं लेकिन जापान में एक ऐसा अनोखा त्यौहार मनाया जाता है जिसे सुनकर आप हैरान हो जाएंगे। इस त्यौहार का नाम है कंडोम फेस्टिवल या कनमारा मत्सुरी। यह फेस्टिवल सिर्फ मनोरंजन के लिए नहीं है बल्कि इसके पीछे यौन स्वास्थ्य, जागरूकता और सामाजिक संदेश का एक गहरा मकसद छिपा है।
क्या है कनमारा मत्सुरी?
यह फेस्टिवल हर साल अप्रैल के पहले रविवार को जापान के कावासाकी शहर के कानायामा मंदिर में आयोजित होता है। इस त्यौहार को जापान में 'स्टील फालस का त्योहार' भी कहा जाता है। माना जाता है कि इसकी शुरुआत सदियों पहले प्रजनन क्षमता और बुरी आत्माओं से सुरक्षा के लिए हुई थी। समय के साथ यह एक आधुनिक और मजेदार फेस्टिवल में बदल गया जिसमें अब कंडोम जागरूकता का अहम हिस्सा बन गए हैं।
फेस्टिवल में क्या होता है?
इस फेस्टिवल में आपको कंडोम से बनी रंग-बिरंगी सजावट देखने को मिलेगी। मंदिर परिसर में कंडोम-थीम वाले गुब्बारे, खिलौने, आइसक्रीम और कैंडी तक बेची जाती हैं। लोग कंडोम प्रिंट वाली टी-शर्ट और हैट पहने नजर आते हैं। विदेशी पर्यटक भी इस उत्सव में बड़ी संख्या में भाग लेते हैं और खूब तस्वीरें खींचते हैं।
यह भी पढ़ें: HIV के बढ़ते मामले: 6 महीने में 112 नए मरीज, दूसरे राज्यों से लौटे मजदूर सबसे ज्यादा प्रभावित
असली मकसद जानकर होगी हैरानी
यह सब देखने में भले ही अजीब लगे लेकिन इसका असली मकसद बहुत गंभीर है। इस फेस्टिवल का मुख्य उद्देश्य HIV/AIDS और यौन रोगों के बारे में जागरूकता फैलाना है। फेस्टिवल से होने वाली कमाई का एक बड़ा हिस्सा इसी काम के लिए दान किया जाता है। साथ ही यह त्यौहार यौन स्वास्थ्य पर खुलकर बात करने के लिए लोगों को प्रेरित करता है जो अक्सर एक वर्जित विषय माना जाता है। यह फेस्टिवल साबित करता है कि गंभीर संदेश को भी मजेदार और खुले तरीके से लोगों तक पहुंचाया जा सकता है।