War Crisis Live : यूक्रेन में रूसी सेना ने सबवे स्टेशन नष्ट किया; 400 डॉक्टर-मरीज बनाए बंधक, कीव में कर्फ्यू

punjabkesari.in Wednesday, Mar 16, 2022 - 02:19 PM (IST)

इंटरनेशनल डेस्कः रूस-यूक्रेन के बीच आज 21वें दिन रूस लगातार यूक्रेनी शहरों में नागरिक इलाकों पर बमबारी कर रहा है। इन हमले के बीच कई भारतीय फंस गए जिन्हें रूसी शहरों के रास्ते वापस लाया जा रहा है। खेर्सोन में फंसे 3 भारतीयों को सिम्फरोपोल और मॉस्को के रास्ते सुरक्षित निकाला गया है।  इस बीच, रूस ने मरियुपोल के सबसे बड़े अस्पताल पर कब्जा कर लिया है यहां के डिप्टी मेयर ने कहा कि रूस के सैनिकों ने डॉक्टरों और मरीजों सहित 400 लोगों को बंधक बना लिया है। उन्हें बाहर आने-जाने नहीं दिया जा रहा है।  रूस-यूक्रेन जंग से संबंधित हर खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें punjabkesari.in  
 

  • रूसी सेना से घिरे यूक्रेन के मारियुपोल से एक मानवीय गलियारे के जरिए करीब 20,000 लोगों ने बंदरगाह शहर छोड़ दिया। अभी तक इतनी बड़ी संख्या में लोगों ने वहां से पलायन नहीं किया था। 
     
  • इस बीच, रूसी बलों ने कीव पर बमबारी तेज कर दी और एक अपार्टमेंट, एक सबवे स्टेशन और अन्य असैन्य स्थलों को नष्ट कर दिया।
     
  •  कूटनीतिक मोर्चे पर, एक शीर्ष यूक्रेनी वार्ताकार एवं राष्ट्रपति के सलाहकार मिखाइलो पोदोलियाक ने रूस के साथ ताजा वार्ता को ‘‘बहुत मुश्किल एवं कठिन'' बताया और कहा कि दोनों पक्षों के बीच ‘‘मूलभूत विरोधाभास'' है। 
     
  • व्हाइट हाउस ने कहा है कि रूस के संबंध में चीन जो भी फैसला करेगा, उस पर दुनिया की नजर होगी। अमेरिका का यह बयान उन खबरों के बीच आया है, जिसमें दावा किया गया है कि चीन, यूक्रेन के खिलाफ युद्ध में रूस को सैन्य या आर्थिक मदद करने की कोशिश कर रहा है।
     
  • व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव जेन साकी ने मंगलवार को एक सवाल के जवाब में कहा, ‘‘ रूस को लेकर हम चीन पर करीबी नजर बनाए हुए हैं। दुनिया की भी इस पर नजरें गढ़ा रखी हैं।
     
  • यूरोपियन यूनियन रेगुलेटर्स ने कुछ बैंकों को यूरोपीय संघ के निवासियों सहित सभी रूसी और बेलारूसी ग्राहकों के लेनदेन की जांच करने को कहा है।
     
  • यूक्रेन पर हमले को लेकर अमेरिकी सीनेट ने पुतिन के खिलाफ वॉर क्राइम की जांच की मांग वाले प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।
     
  • NATO सचिव-जनरल जेन्स स्टोलटेनबर्ग ने कहा- हम चिंतित हैं कि मास्को यूक्रेन में संभवतः रासायनिक हथियारों सहित एक झूठा अभियान चला सकता है।
     
  • कनाडा सरकार ने 15 और रूसी अधिकारियों पर गंभीर प्रतिबंध लगा दिए हैं। इसमें सरकार और सैन्य वर्ग के लोग शामिल हैं। अब तक 500 रूसी लोगों पर प्रतिबंध लग चुके हैं।
     
  • ब्रिटेन 370 हाई प्रोफाइल रूसी लोगों पर प्रतिबंध लगा रहा है। इसमें रोमन अब्रामोविच भी शामिल हैं।
     
  • यूक्रेन ने दावा किया है कि जंग में लगभग 13,500 रूसी सैनिक मारे गए हैं। कई मिलिट्री इक्विपमेंट्स को भी तबाह किया गया है।


ऑपरेशन गंगा 
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा कि रूस के बेलगोरोड और कुर्स्क के रास्ते भी भारतीयों को वापस लाया जाएगा। यह कदम ऑपरेशन गंगा के तहत उठाया जाएगा। यूक्रेन में फंसे भारतीयों को सुरक्षित वापस लाने के लिए भारत सरकार ने ऑपरेशन गंगा लॉन्च किया। इसके तहत लगभग 22,500 भारतीय नागरिक सुरक्षित भारत लौट पाए।


ऑपरेशन गंगा के तहत 90 उड़ानें संचालित की गई हैं, जिनमें से 76 नागरिक उड़ानें और 14 IAF उड़ानें थीं। निकासी उड़ानें रोमानिया, पोलैंड, हंगरी और स्लोवाकिया से भारत पहुंचीं। भारतीयों के साथ 18 अन्य देशों के अनेक नागरिकों को भी वहां से निकाला गया है, जिसमें बांग्लादेश, नेपाल, अमेरिका, फ्रांस, कनाडा और ब्रिटेन के भी नागरिक शामिल हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tanuja

Recommended News

Related News