ईरान में US-इजराइल हमलों में चीनी नागरिक की मौत, कुवैत ने गलती से गिराए 3 अमेरिकी लड़ाकू विमान

punjabkesari.in Monday, Mar 02, 2026 - 06:50 PM (IST)

International Desk:  ईरान में अमेरिका-इजराइल के हवाई हमलों के दौरान एक चीनी नागरिक की मौत हो गई। चीन ने 3,000 से अधिक नागरिकों को सुरक्षित बाहर निकाला है। इसी बीच, ईरानी हमलों के दौरान कुवैत की वायु रक्षा प्रणाली ने गलती से तीन अमेरिकी एफ-15ई लड़ाकू विमानों को मार गिराया, सभी पायलट सुरक्षित हैं। चीनी विदेश मंत्रालय ने सोमवार को पुष्टि की कि ईरान में अमेरिका और इजराइल के हवाई हमलों के दौरान चीन के एक नागरिक की मौत हो गई।

 

विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता Mao Ning ने प्रेस ब्रीफिंग में बताया कि तेहरान में जारी सैन्य संघर्ष के दौरान यह घटना हुई। उन्होंने कहा, “हम जान गंवाने वाले नागरिक के लिए शोक व्यक्त करते हैं और शोकसंतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना जताते हैं।” माओ निंग ने बताया कि तनावपूर्ण हालात शुरू होने के बाद से ईरान स्थित चीनी दूतावास और वाणिज्य दूतावास लगातार नागरिकों को जल्द से जल्द देश छोड़ने की सलाह दे रहे हैं। अब तक 3,000 से अधिक चीनी नागरिकों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है।

 

 कुवैत ने ‘गलती से’ गिराए अमेरिकी विमान
अमेरिकी सेना ने कहा कि ईरान की ओर से किए गए हमलों के दौरान कुवैत की वायु रक्षा प्रणाली ने गलती से तीन अमेरिकी एफ-15ई स्ट्राइक ईगल लड़ाकू विमानों को मार गिराया। यह जानकारी United States Central Command ने दी। बयान के अनुसार, उस समय ईरानी विमानों, बैलिस्टिक मिसाइलों और ड्रोनों के हमले जारी थे। इन तीनों विमानों में कुल छह चालक दल सदस्य सवार थे। सभी ने सुरक्षित रूप से इजेक्ट किया, उन्हें बचा लिया गया और उनकी हालत स्थिर बताई गई है। अमेरिकी सेना ने कहा कि कुवैत ने इस गलती को स्वीकार कर लिया है। बयान में कहा गया कि कुवैती रक्षा बलों के प्रयासों और अभियान में उनके समर्थन के लिए अमेरिका आभारी है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tanuja

Related News