US- ईरान के बीच हो गया शांति समझौता, ट्रंप ने किया ऐलान, होर्मुज खोलने को भी मिली मंजूरी

punjabkesari.in Monday, Jun 15, 2026 - 06:26 AM (IST)

इंटरनेशनल डेस्कः विश्व राजनीति और वैश्विक अर्थव्यवस्था के लिए एक बहुत बड़ी और सुखद खबर सामने आई है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर ईरान के साथ जंग समाप्ति का ऐतिहासिक ऐलान कर दिया है। ट्रंप ने पुष्टि की है कि ईरान के साथ समझौता पूरी तरह से संपन्न हो गया है और इसके साथ ही सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण स्ट्रेट ऑफ होर्मुज (Strait of Hormuz) को फिर से खोल दिया जाएगा।

'दुनिया के जहाजों, अपना इंजन स्टार्ट कर लें'
राष्ट्रपति ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रुथ सोशल' पर इस समझौते का जश्न मनाते हुए कहा कि वह स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को टोल-मुक्त (Toll Free) खोलने की घोषणा करते हैं। उन्होंने अमेरिकी नौसेना को वहां से घेरेबंदी खत्म करने और हटने के आदेश दे दिए हैं। ट्रंप ने वैश्विक व्यापार को हरी झंडी देते हुए कहा, "दुनिया के जहाज अब अपना इंजन स्टार्ट कर लें। अब तेल के कारोबार को होने दो"।

पाकिस्तान की मध्यस्थता लाई रंग, लेबनान समेत सभी मोर्चों पर थमेगी जंग
इस समझौते में मध्यस्थ की भूमिका निभा रहे पाकिस्तान ने भी डील पूरी होने की पुष्टि की है। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने 'एक्स' (X) पर खुशी जाहिर करते हुए लिखा कि अमेरिका और ईरान के बीच शांति समझौता हो गया है। इस समझौते के तहत दोनों पक्ष लेबनान सहित सभी मोर्चों पर तत्काल और स्थायी तौर पर युद्ध रोकने पर सहमत हो गए हैं। 

वहीं ईरान-अमेरिका के बीच शांति समझौते पर बनी सहमति को लेकर अब ईरान के सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल के सचिवालय ने आधिकारिक बयान जारी किया है। बयान में कहा गया है कि शहीद नेता की अगुवाई में इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान ने अमेरिकी-जियोनिस्ट दुश्मन पर अपनी श्रेष्ठता साबित की है। सुप्रीम लीडर (ईरानी नेता) के मार्गदर्शन में, पूरे राष्ट्र के समर्थन और इस्लाम के योद्धाओं के प्रयासों से कई महीनों की कठिन और गहन वार्ताओं (इस्लामाबाद वार्ता) के बाद 14 जून की शाम को अमेरिका के साथ मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग (MoU) का मसौदा अंतिम रूप दे दिया गया।

ईरान की सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल ने अपने बयान में कहा कि हुए समझौतों के अनुसार, लेबनान समेत सभी मोर्चों पर युद्ध और सैन्य अभियान आज रात से ही तुरंत और हमेशा के लिए खत्म हो जाएंगे और इसके अलावा ईरान के खिलाफ नौसैनिक नाकेबंदी तुरंत और पूरी तरह से हटा ली जाएगी। इस समझौता ज्ञापन पर आधिकारिक तौर पर शुक्रवार, 19 जून को हस्ताक्षर किए जाएंगे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Related News