कुदरत का रौद्र रूप: Hawaii का किलाउएआ ज्वालामुखी 1000 फीट तक लावा उगला- Highway पर गिरे पत्थर, कांच के टुकड़े, राख ने मचाई तबाही
punjabkesari.in Wednesday, Mar 11, 2026 - 11:49 AM (IST)
US Hawaii Volcano: प्रकृति की असीम शक्ति का नजारा एक बार फिर अमेरिका के हवाई में स्थित मशहूर किलाउएआ ज्वालामुखी में देखने को मिल रहा है, जहां मंगलवार, 10 मार्च 2026 की सुबह से लावा उगलने का सिलसिला दोबारा शुरू हो गया है। यह नजारा जितना अद्भुत है उतना ही चुनौतीपूर्ण भी, क्योंकि आसमान में 1000 फीट की ऊंचाई तक लावा की लपटें उठ रही हैं।
दिसंबर 2024 से जारी विस्फोटों की कड़ी में यह 43वीं बड़ी घटना है, जिसने वैज्ञानिकों और स्थानीय प्रशासन को सतर्क कर दिया है। फिलहाल यह कहना मुश्किल है कि ज्वालामुखी का यह मिजाज कुछ घंटों में शांत होगा या कई दिनों तक ऐसे ही आग उगलता रहेगा।
रिहायशी इलाकों को खतरा नहीं
अच्छी खबर यह है कि ताजा लावा फिलहाल हवाई वोल्केनोज नेशनल पार्क के मुख्य क्रेटर के भीतर ही सीमित है, जिससे रिहायशी इलाकों को सीधा खतरा नहीं है। हालांकि, हवा में तैरते राख के बादल और कांच जैसे नुकीले कण (टेफ्रा) आसपास की शांति में खलल डाल रहे हैं। ये कण न केवल हाईवे 11 और आसपास के क्षेत्रों में गिर रहे हैं, बल्कि लोगों की आंखों, त्वचा और सांस के लिए भी परेशानी खड़ी कर सकते हैं। इसके अलावा, बिग आइलैंड के घरों में बारिश का पानी जमा करने वाले टैंकों के प्रदूषित होने का भी डर है।
सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए प्रशासन ने नेशनल पार्क के कुछ हिस्सों और हाईवे के एक खंड को अस्थायी रूप से बंद कर दिया है। लोगों की मदद के लिए शेल्टर होम खोल दिए गए हैं और नेशनल वेदर सर्विस लगातार राख गिरने की चेतावनी जारी कर रही है। दुनिया के सबसे सक्रिय ज्वालामुखियों में शुमार किलाउएआ अपनी इस अनिश्चित हलचल से एक बार फिर दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींच रहा है।
