तुर्की ने पीठ में छुरा घोंपा है, भुगतने होंगे गंभीर परिणाम: पुतिन

Tuesday, Nov 24, 2015 - 11:37 PM (IST)

अंकारा: नाटो के सदस्य तुर्की ने आज सीरियाई सीमा के निकट रूस के एक युद्धक विमान को मार गिराया जिस पर रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने रोष प्रकट करते हुए इस घटना को ‘‘आतंकवादियों के सहयोगियों’’ द्वारा ‘‘पीठ में छुरा घोंपने’’ जैसा करार दिया।  

तुर्की ने नाटो की बैठक बुलाने का आह्वान किया है तो रूसी विदेश मंत्री सर्गई लावारोह ने कल होने वाले अपने तुर्की दौरे की योजना खत्म कर दी है। लावारोव का यह दौरा सीरिया संकट पर मतभेदों को दूर करने के मकसद से था। तुर्की की सेना ने कहा कि विमान ने पांच मिनट की अवधि में 10 बार तुर्की की हवाई सीमा का उल्लंघन किया जिसके बाद दो एफ-16 विमानों ने उसे मार गिराया। मॉस्को का दावा है कि विमान सीरियाई सीमा के भीतर था।   
 
इस बीच, तुर्की के एक अधिकारी ने कहा है कि इस रूसी विमान के दोनों पायलट जिंदा हैं। पहले इनको लेकर अलग अलग तरह की खबरें आ रही थीं। सीरिया संघर्ष में दो विपरीत धु्रवों पर नजर आ रहे इन दोनों देशों के बीच बड़ा कूटनीतिक संकट भी पैदा हो गया है। रूस ने इस बात पर जोर दिया है कि विमान सीरिया की हवाई सीमा में था तथा उसने विमान को मार गिराने की इस ‘बहुत गंभीर घटना’ की भत्र्सना की है।  
 
रूसी शहर सोची में जॉर्डन के शाह अब्दुल्ला द्वितीय के साथ एक बैठक को संबोधित करने के दौरान तनाव में नजर आ रहे पुतिन ने विमान गिराए जाने की घटना को ‘‘आतंकवादियों के सहयोगियों’’ द्वारा ‘‘पीठ में छुरा घोंपने’’ जैसा करार दिया। राष्ट्रपति ने कहा, ‘‘आज जो भी हुआ उसे मैं और कुछ नहीं कह सकता।’’ पुतिन ने कहा,‘‘आज की दुखद घटना का रूस-तुर्की संबंधों पर गंभीर प्रभाव होगा। निश्चित तौर पर हम आज हुई घटना के हर पहलू का सावधानीपूर्वक विश्लेषण करेंगे।’’ 
 
Advertising