रूस से तेल खरीद पर भारत को मिल सकती है छूट, ट्रंप के बयान से बढ़ी उम्मीदें
punjabkesari.in Saturday, Aug 16, 2025 - 12:06 PM (IST)

नेशनल डेस्क: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संकेत दिए हैं कि अमेरिका भारत जैसे देशों पर रूसी तेल खरीद के चलते द्वितीयक शुल्क (Secondary Tariffs) नहीं लगा सकता। इससे उन आशंकाओं को काफी हद तक विराम मिल गया है, जिनमें कहा जा रहा था कि अमेरिका यदि अतिरिक्त आर्थिक प्रतिबंध लगाता है तो भारत इसकी चपेट में आ सकता है। रूस-यूक्रेन युद्ध के चलते अमेरिका और पश्चिमी देशों ने रूस पर कई तरह के प्रतिबंध लगाए हैं। इसके बावजूद भारत रूस से बड़ी मात्रा में कच्चा तेल खरीद रहा है, जिससे अमेरिका में कुछ हलकों में नाराजगी रही है। अमेरिकी अधिकारियों ने इशारा किया था कि अगर रूस के खिलाफ बातचीत विफल रही तो भारत जैसे देशों पर द्वितीयक प्रतिबंध लगाए जा सकते हैं।
ट्रंप ने पुतिन से मुलाकात के दौरान क्या कहा?
ट्रंप ने यह बयान फॉक्स न्यूज़ को एक इंटरव्यू में दिया जब वह अलास्का के लिए एयर फ़ोर्स वन से उड़ान भर रहे थे। इस यात्रा का उद्देश्य रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ शिखर बैठक (Summit) करना था, जिसमें रूस-यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने को लेकर कोई ठोस समझौता नहीं हो सका। ट्रंप ने कहा, "उन्होंने (पुतिन ने) भारत जैसा एक बड़ा ग्राहक खो दिया है। भारत रूस से करीब 40% तक का तेल खरीदता था। अगर मैं द्वितीयक प्रतिबंध लगाऊं तो वह बहुत बड़ा झटका होगा। हालांकि मुझे ऐसा करने की ज़रूरत शायद न पड़े।"
अमेरिकी वित्त मंत्री ने क्या कहा?
ट्रंप के बयान से पहले अमेरिका के वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने ब्लूमबर्ग को दिए इंटरव्यू में कहा था कि अगर शिखर बैठक सफल नहीं होती है तो भारत पर लगे द्वितीयक शुल्क और सख्त हो सकते हैं। उन्होंने कहा, "हमने रूसी तेल खरीदने के लिए भारतीयों पर पहले ही शुल्क लगा दिए हैं, और अगर चीजें सही दिशा में नहीं जातीं तो हम इसमें बढ़ोतरी कर सकते हैं।" वित्त मंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि प्रतिबंध स्थायी नहीं हैं, उन्हें घटाया या बढ़ाया जा सकता है।
भारत पर 50% टैरिफ, क्या है सच्चाई?
ट्रंप प्रशासन के तहत भारत पर कुल 50% टैरिफ लगाने की बात कही गई है, जिसमें रूसी तेल की खरीद पर 25% का टैरिफ भी शामिल है, जो 27 अगस्त से लागू होने की संभावना है। हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि यह प्रस्तावित है या तय हो चुका है।