ट्रंप ने रद्द किया पाकिस्तान का ''शांति मिशन'', ईरान पर तंज कसते हुए बोले- ''बात करनी है तो फोन करें''

punjabkesari.in Saturday, Apr 25, 2026 - 11:31 PM (IST)

वाशिंगटन/इस्लामाबाद: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने दूतों की प्रस्तावित पाकिस्तान यात्रा को अचानक रद्द कर दिया है। इन दूतों को इस्लामाबाद में ईरानी नेताओं से मिलकर शांति वार्ता की संभावनाओं को तलाशना था।

PunjabKesari
'समय की बर्बादी' बताया दौरा
ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रुथ सोशल' पर इस फैसले की जानकारी देते हुए कहा कि इस यात्रा में "बहुत अधिक समय बर्बाद" होता और इसमें "बहुत अधिक काम" था। उन्होंने ईरानी नेतृत्व पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में भारी आपसी कलह और भ्रम की स्थिति है। ट्रंप के अनुसार, "वहां किसी को नहीं पता कि सत्ता किसके हाथ में है, यहां तक कि उन्हें खुद भी नहीं पता"।

पाकिस्तान की उम्मीदों को लगा बड़ा झटका
ट्रंप के इस आदेश के बाद स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर जैसे शीर्ष अमेरिकी राजनयिकों ने अपनी यात्रा योजनाएं रद्द कर दी हैं। यह घटनाक्रम तब सामने आया है जब ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अरागची के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल शनिवार शाम को ही पाकिस्तानी नेताओं से मुलाकात कर इस्लामाबाद से रवाना हुआ था। ट्रंप के इस फैसले से पाकिस्तान की उस उम्मीद को गहरा धक्का लगा है, जिसमें वह अमेरिका और ईरान के बीच मध्यस्थ की भूमिका निभाने की कोशिश कर रहा था।

ईरान के पास कोई विकल्प नहीं: ट्रंप
अमेरिकी राष्ट्रपति ने दावा किया कि कूटनीतिक मोर्चे पर अमेरिका का पलड़ा भारी है। उन्होंने कहा, "हमारे पास सभी पत्ते (cards) हैं, जबकि उनके पास कुछ नहीं है! अगर वे बात करना चाहते हैं, तो उन्हें बस फोन करना होगा"। दूसरी ओर, ईरानी प्रतिनिधिमंडल ने अमेरिका और इजरायल के लिए अपनी मांगों की एक आधिकारिक सूची पाकिस्तानी नेताओं को सौंपी है और अब वे ओमान और रूस के दौरे पर हैं। इससे पाकिस्तान में भविष्य की वार्ताओं की संभावना अब अनिश्चित हो गई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Related News