इजरायल का ईरान पर बड़ा ऐलानः “अभी तो पिक्चर बाकी है, चंद दिन रुको ! अगला प्रहार...."
punjabkesari.in Monday, Mar 16, 2026 - 01:19 PM (IST)
International Desk: पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के बीच इज़राइली रक्षा बल (Israel Defence Forces) (IDF) ने कहा है कि ईरान के खिलाफ चल रहा सैन्य अभियान योजना के अनुसार आगे बढ़ रहा है और इसे कम से कम तीन सप्ताह और जारी रखने की तैयारी की गई है। रिपोर्ट के अनुसार इजरायली सेना का कहना है कि ईरान में अभी भी हजारों सैन्य लक्ष्य मौजूद हैं, जिन्हें नष्ट करने के लिए हमले और तेज किए जाएंगे। IDF के प्रवक्ता Effie Defrin ने मीडिया ब्रीफिंग में कहा,“हमारे सामने अभी हजारों लक्ष्य मौजूद हैं और अभियान को आगे बढ़ाने की पूरी तैयारी है।”उन्होंने बताया कि यह अभियान अमेरिका के साथ समन्वय में चल रहा है और इसकी रणनीति आने वाले हफ्तों तक जारी रह सकती है।
ईरान के सैन्य उद्योग पर फोकस
रिपोर्ट के अनुसार शुरुआती चरण में हुए हमलों के बाद अब अभियान का मुख्य लक्ष्य Iran के सैन्य उद्योग को कमजोर करना है।इसके तहत खास तौर पर बैलिस्टिक मिसाइल उत्पादन, एयर डिफेंस सिस्टम और हथियार निर्माण से जुड़े कारखानों को निशाना बनाया जा रहा है। इजरायली सेना का दावा है कि उसके हमलों से ईरान की सैन्य क्षमता को भारी नुकसान हुआ है।
आईडीएफ के अनुसार
- लगभग 500 बैलिस्टिक मिसाइल लॉन्चरों में से 70 प्रतिशत निष्क्रिय कर दिए गए हैं
- शुरुआती हमलों में 100 से ज्यादा एयर डिफेंस सिस्टम और
- करीब 120 रडार व डिटेक्शन सिस्टम नष्ट किए गए हैं।
इजरायली वायुसेना का कहना है कि इन हमलों के बाद उसने देश के अधिकांश हिस्सों में हवाई श्रेष्ठता हासिल कर ली है।
IRGC और सैन्य नेटवर्क निशाने पर
अभियान के दौरान Islamic Revolutionary Guard Corps (IRGC) से जुड़े सैन्य प्रतिष्ठानों, मिसाइल कंपनियों और नौसैनिक हथियारों के लिए काम करने वाली निजी कंपनियों को भी निशाना बनाया जा रहा है। इजरायली सैन्य सूत्रों का दावा है कि इस अभियान में अब तक 4,000 से 5,000 ईरानी सैनिक मारे गए हैं और सेना के भीतर मनोबल में गिरावट तथा भगोड़ेपन के मामले बढ़े हैं। रिपोर्ट के अनुसार अमेरिका-इजरायल के संयुक्त अभियान का उद्देश्य ईरान की सैन्य क्षमता को लंबे समय तक कमजोर करना और क्षेत्रीय सुरक्षा खतरे को कम करना बताया जा रहा है।
