डोनाल्ड ट्रंप को नोबेल शांति पुरस्कार न मिलने पर व्हाइट हाउस ने जताई नाराजगी, कह दी ये बड़ी बात

punjabkesari.in Friday, Oct 10, 2025 - 05:51 PM (IST)

नेशनल डेस्क : नॉर्वेजियन नोबेल कमेटी द्वारा 2025 का नोबेल शांति पुरस्कार वेनेजुएला की विपक्षी नेता मारिया कोरीना मचाडो को दिए जाने के फैसले के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को शामिल न करने पर व्हाइट हाउस ने नाराजगी जताई। व्हाइट हाउस के कम्युनिकेशन डायरेक्टर स्टीवन चियांग ने इसे 'राजनीतिक फैसले' करार देते हुए कहा कि नोबेल कमेटी ने फिर साबित कर दिया कि वे शांति के बजाय राजनीति को महत्व देते हैं।

स्टीवन चियांग ने कहा, 'राष्ट्रपति ट्रम्प दुनिया भर में शांति समझौते करते रहेंगे, युद्धों को समाप्त करेंगे और लोगों की जान बचाएँगे। उनका हृदय मानवतावादी है, और उनके जैसा कोई नहीं होगा जो अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति से पहाड़ों को हिला सके।'

ट्रंप ने ओबामा पर साधा निशाना

नोबेल पुरस्कार की घोषणा से कुछ घंटे पहले, डोनाल्ड ट्रंप ने पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा पर हमला किया। ट्रंप का कहना था कि ओबामा को नोबेल शांति पुरस्कार 'कुछ नहीं करने के लिए' दिया गया, जबकि उन्होंने अमेरिका को नुकसान पहुंचाया। ओबामा को 2009 में निर्वाचित होने के आठ महीने बाद नोबेल शांति पुरस्कार मिला था। उस समय नॉर्वेजियन नोबेल कमेटी ने उनके अंतरराष्ट्रीय कूटनीति और देशों के बीच सहयोग बढ़ाने के प्रयासों को सराहा था।

ट्रंप, जिन्होंने जनवरी में पुनः राष्ट्रपति पद संभाला, ने अपने कार्यकाल में गाजा में शांति समझौते कराने और आठ युद्धों को समाप्त करने का दावा किया है। उन्होंने जोर दिया कि उनका काम 'परिणामों पर आधारित है, मान्यता पर नहीं।' इसके अलावा ट्रंप ने नोबेल चयन प्रक्रिया में सलाहकार भूमिका निभाने वाले पीस रिसर्च इंस्टिट्यूट ओस्लो (PRIO) पर भी प्रभाव डालने की कोशिश की है।

किसको मिला नोबेल शांति पुरस्कार 2025

इस साल का नोबेल शांति पुरस्कार वेनेजुएला की विपक्षी नेता मारिया कोरीना मचाडो को दिया गया है। उन्हें यह पुरस्कार वेनेजुएला में लोकतांत्रिक अधिकारों और तानाशाही से लोकतंत्र की ओर शांति पूर्ण परिवर्तन के लिए उनके संघर्ष के लिए मिला है। पुरस्कार की राशि 11 मिलियन स्वीडिश क्रोना ($1.2 मिलियन) है। पुरस्कार समारोह 10 दिसंबर को ओस्लो में आयोजित किया जाएगा।

अमेरिकी राष्ट्रपति जो नोबेल शांति पुरस्कार जीत चुके हैं

अब तक चार अमेरिकी राष्ट्रपति नोबेल शांति पुरस्कार जीत चुके हैं:

  • थियोडोर रूजवेल्ट (1906) – रूस-जापान युद्ध के अंत के मध्यस्थता के लिए
  • वुडरो विल्सन (1919) – लीग ऑफ नेशन्स की स्थापना के लिए
  • जिमी कार्टर (2002) – मानवाधिकार और शांति प्रयासों के लिए
  • बराक ओबामा (2009) – अंतरराष्ट्रीय कूटनीति और सहयोग बढ़ाने के लिए

इस तरह, इस वर्ष ट्रंप को नजरअंदाज किए जाने के बाद विवाद और चर्चा दोनों बढ़ गई है।


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Mehak

Related News