पाकिस्तान के बलूचिस्तान में आतंकवादी हमला, चार सुरक्षाकर्मियों की मौत

punjabkesari.in Friday, Apr 25, 2025 - 05:37 PM (IST)

इंटरनेशनल डेस्क. पाकिस्तान के दक्षिण-पश्चिमी इलाके में शुक्रवार को एक बम विस्फोट हुआ। यह विस्फोट सुरक्षाकर्मियों को लेकर जा रहे एक वाहन के पास हुआ, जिसमें चार जवानों की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। पुलिस ने इस घटना की जानकारी दी।

स्थानीय पुलिस प्रमुख नवीद अहमद के अनुसार, यह हमला बलूचिस्तान प्रांत की राजधानी क्वेटा में हुआ। हालांकि, किसी भी समूह ने इस बम विस्फोट की जिम्मेदारी नहीं ली है, लेकिन जातीय बलूच अलगाववादियों पर संदेह जताया जा रहा है। ये अलगाववादी समूह अक्सर बलूचिस्तान और पाकिस्तान के अन्य हिस्सों में सुरक्षा बलों और नागरिकों को निशाना बनाते हैं।

गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने बम विस्फोट की निंदा की और देश में शांति स्थापित करने के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले सुरक्षा बलों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इससे पहले एक और बम विस्फोट बलूचिस्तान के कलात जिले में हुआ था, जिसमें एक वाहन में सवार तीन लोगों की मौत हो गई थी। यह हमला रात में हुआ था और इस हमले की भी अब तक किसी ने जिम्मेदारी नहीं ली है।

बलूचिस्तान, पाकिस्तान का एक ऐसा इलाका है, जहां लंबे समय से उग्रवाद की समस्या बनी हुई है। इस क्षेत्र में बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (BLA) समेत कई अलगाववादी समूह सक्रिय हैं, जो समय-समय पर सुरक्षा बलों और नागरिकों को निशाना बनाते हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Parminder Kaur

Related News