चीन ने फिर ताइवान भेजे अपने सैन्य विमान और नौसैनिक जहाज, तइपे ने वायु रक्षा मिसाइल प्रणालियां की तैनात

punjabkesari.in Saturday, May 04, 2024 - 01:59 PM (IST)

 इंटरनेशनल डेस्कः चीन की आक्रामक हरकतों ने ताइवान की नाक में दम कर रखा है। ताइवान के राष्ट्रीय रक्षा मंत्रालय (MND) ने शनिवार को कहा कि  शुक्रवार  सुबह 6 बजे से शनिवार सुबह 6 बजे तक  नौ चीनी सैन्य विमान और पांच नौसैनिक जहाज देश के चारों ओर घूमते देखे गए। MND  के अनुसार, चीनी कार्रवाई के जवाब में ताइवान ने स्थिति की निगरानी की और लड़ाकू गश्ती विमान, नौसैनिक जहाजों और तटीय मिसाइल प्रणालियों को तैनात किया।एक्‍स पर किए गए पोस्ट में ताइवान के राष्ट्रीय रक्षा मंत्रालय ने कहा, आज सुबह 6 बजे तक ताइवान के आसपास सक्रिय 9 PLA विमान और 5 PLAN जहाजों का पता चला। ताइवान की सेना ने स्थिति की निगरानी की है और आवश्‍यकता के अनुसार प्रतिक्रिया दी है।

 
इससे पहले शुक्रवार को ताइवान के राष्ट्रीय रक्षा मंत्रालय ने कहा कि उसने गुरुवार को सुबह 6 बजे और शुक्रवार को सुबह 6 बजे तक देश के आसपास 26 चीनी सैन्य विमानों और पांच नौसैनिक जहाजों को देखा गया। MND ने कहा कि 26 पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (PLA) विमानों में से 14 विमान ताइवान स्ट्रेट मध्य रेखा को पार कर गए थे। ताइवान न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, दो चीनी सैन्य विमानों को ताइवान के वायु रक्षा पहचान क्षेत्र (ADIZ ) के पूर्वोत्तर क्षेत्र में देखा गया और तीन अन्य लड़ाकू विमान दक्षिण-पश्चिम एडीआईजेड में प्रवेश कर गए थे।

 

MND के अनुसार, चीन की कार्रवाई के बाद ताइवान ने अपनी खुफिया, निगरानी और टोही प्रणालियों का उपयोग करके स्थिति की निगरानी की और लड़ाकू गश्ती विमान, नौसैनिक जहाजों और भूमि-आधारित वायु रक्षा मिसाइल प्रणालियों को तैनात किया। ताइवान न्यूज ने शुक्रवार को बताया कि मई में अब तक ताइवान के एमएनडी ने 30 बार चीनी सैन्य विमान और 16 बार नौसैनिक जहाजों का पता लगाया है। ताइवान न्‍यूज की रिपोर्ट के अनुसार, सितंबर 2020 से, चीन ने ताइवान के आसपास अधिक सैन्य विमान और नौसैनिक जहाजों का संचालन करके 'ग्रे ज़ोन रणनीति' का उपयोग तेज कर दिया है। ताइवान न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, शुक्रवार को ताइवान के एमएनडी ने कहा कि देश अपनी एकीकृत 'किल चेन' कार्यक्षमता को मजबूत करने और चीनी हमले को रोकने के लिए तेजी से हथियार जुटाने की अपनी चरम अवधि में है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tanuja

Recommended News

Related News