US Wildfire: नेवादा के जंगलों में लगी भीषण आग, 90,000 लोगों को घर खाली करने का आदेश, कई मकान खाक

punjabkesari.in Monday, Aug 24, 2026 - 08:47 AM (IST)

अमेरिका : अमेरिका में नेवादा राज्य के उत्तर-पश्चिमी रेनो शहर में रविवार को तेजी से फैली वनाग्नि ने कई मकानों को अपनी चपेट में ले लिया और आग की लपटें इतनी भीषण थीं कि दमकलकर्मियों के लिए प्रभावित इलाकों तक पहुंचकर उस पर काबू पाना बेहद मुश्किल हो गया। हवा की दिशा बार-बार बदलने के कारण आग बुझाने में जुटे दमकलकर्मियों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। 

अधिकारियों ने हालात को देखते हुए एहतियात के तौर पर करीब 90,000 लोगों से प्रभावित इलाका खाली करने का आग्रह किया है। अधिकारियों के अनुसार आग की चपेट में आने से कम से कम छह लोग घायल हुए हैं जिनमें तीन दमकलकर्मी और तीन आम नागरिक शामिल हैं।

 

अधिकारियों ने बताया कि आग मानवीय कारणों से लगी। हालांकि उन्होंने इसके कारणों को स्पष्ट नहीं किया और यह भी नहीं बताया कि आग जानबूझकर लगाई गई या दुर्घटनावश लगी। शनिवार को भड़की यह आग बाद में हुंबोल्ट-टोइयाबे राष्ट्रीय वन के पीवाइन पीक क्षेत्र में तेजी से फैल गई और अब तक 60 वर्ग किलोमीटर से अधिक क्षेत्र को प्रभावित कर चुकी है। 

 

 

यह इलाका कैलिफोर्निया की सीमा के पास है जहां पहाड़ियों के आसपास बड़ी संख्या में रिहायशी मकान और व्यावसायिक प्रतिष्ठान मौजूद हैं। वाशो काउंटी के शेरिफ डारिन बालाम ने लोगों से अपील करते हुए कहा, अगर आप जा सकते हैं तो कृपया तुरंत यहां से निकल जाएं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Rohini Oberoi

Related News