अफ्रीकी देश में सत्ता विस्फोट: राष्ट्रपति ने प्रधानमंत्री को किया आऊट, भंग कर दी पूरी सरकार
punjabkesari.in Saturday, May 23, 2026 - 05:42 PM (IST)
International Desk: सेनेगल में बड़ा राजनीतिक संकट पैदा हो गया है। राष्ट्रपति बसिरु डियोमाये फेय Bassirou Diomaye Faye ने प्रधानमंत्री ओस्मान सोनको Ousmane Sonko को पद से हटा दिया है। इसके साथ ही पूरी सरकार भी भंग कर दी गई। सरकारी मीडिया के जरिए यह घोषणा की गई। सरकार के सभी मंत्रियों को भी हटा दिया गया है। फिलहाल पुरानी सरकार को सिर्फ रोजमर्रा का काम संभालने को कहा गया है।
फाये और सोनको पहले बहुत करीबी सहयोगी माने जाते थे। 2024 के चुनाव में सोनको चुनाव नहीं लड़ पाए थे, इसलिए उन्होंने फाये का समर्थन किया था। दोनों ने मिलकर पुरानी सरकार को सत्ता से बाहर किया था। लेकिन पिछले कुछ महीनों से दोनों नेताओं के बीच मतभेद बढ़ते जा रहे थे। आर्थिक नीतियों और सरकारी फैसलों को लेकर दोनों के बीच तनाव खुलकर सामने आने लगा था। सेनेगल (Senegal) इस समय बड़े आर्थिक संकट से भी गुजर रहा है।
International Monetary Fund ने देश का 1.8 अरब डॉलर का लोन प्रोग्राम रोक दिया है। वजह देश के कर्ज से जुड़े आंकड़ों में गड़बड़ी बताई जा रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक देश पर कर्ज बहुत तेजी से बढ़ा है। सरकार पर ईंधन सब्सिडी का भी भारी बोझ है। वित्त मंत्री ने ईंधन कीमतें बढ़ाने की बात कही थी, लेकिन सोनको इसके खिलाफ थे। सोनको युवाओं के बीच काफी लोकप्रिय नेता माने जाते हैं। उनकी बर्खास्तगी के बाद अब सेनेगल में राजनीतिक तनाव और विरोध बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
