फिर भड़का रूस का गुस्साः यूक्रेन पर की मिसाइलों और ड्रोन की भीषण बौछार, उपनगरों में  मची तबाही

punjabkesari.in Sunday, Feb 22, 2026 - 04:25 PM (IST)

International Desk: रूस ने रविवार को यूक्रेन पर मिसाइलों और ड्रोन की भीषण बौछार की, जिसमें कीव क्षेत्र में एक व्यक्ति की मौत हो गई। यूक्रेन की आपातकालीन सेवा के अनुसार, ध्वस्त इमारतों के मलबे से आठ लोगों जिनमें एक बच्चा भी शामिल है को जीवित निकाला गया। हमलों से कीव के उपनगरों के पांच जिलों ओबुखिव, ब्रोवरी, बोरिस्पिल, बुचा और फास्तिव में व्यापक नुकसान हुआ। कई रिहायशी इमारतें क्षतिग्रस्त हुईं और विभिन्न स्थानों पर आग भड़क उठी। फास्तिव जिले के पुतरिवका गांव में बचाव दलों ने घंटों तक राहत और खोज अभियान चलाया, जहां लोग मलबे में दबे पाए गए।

 

दक्षिणी ओडेसा क्षेत्र में भी ऊर्जा अवसंरचना को निशाना बनाया गया, जिससे बड़े पैमाने पर आग लगी। अधिकारियों के अनुसार आग पर बाद में काबू पा लिया गया, लेकिन हमले ने पहले से दबाव झेल रही ऊर्जा आपूर्ति पर असर डाला। लगभग चार वर्षों से जारी रूस-यूक्रेन युद्ध के दौरान यूक्रेनी शहरों पर हवाई हमले आम हो गए हैं। बीते महीनों में रूस ने विशेष रूप से ऊर्जा ग्रिड को निशाना बनाया है, जिससे कड़ाके की सर्दी में बिजली और हीटिंग सेवाएं बाधित हो रही हैं। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शांति प्रयासों की चर्चा के बावजूद, जमीनी हालात में संघर्ष और हवाई हमले जारी हैं, जिससे आम नागरिकों पर मानवीय दबाव बढ़ता जा रहा है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tanuja

Related News