ड्रोन हमले के बाद कतर ने रोका LNG प्रोडक्शन, दुनिया की 20% गैस सप्लाई पर पड़ेगा असर
punjabkesari.in Wednesday, Mar 04, 2026 - 08:59 PM (IST)
इंटरनेशनल डेस्क : मिडिल ईस्ट से आई एक बड़ी खबर ने अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा बाजार में हलचल मचा दी है। दुनिया के दूसरे सबसे बड़े एलएनजी निर्यातक देश कतर ने अचानक अपना पूरा LNG प्रोडक्शन रोक दिया है। इस कदम के बाद वैश्विक बाजार में गैस सप्लाई को लेकर चिंता बढ़ गई है।
ड्रोन हमले के बाद बड़ा फैसला
रिपोर्ट्स के मुताबिक, ईरानी ड्रोन ने कतर के प्रमुख औद्योगिक क्षेत्रों- रास लफ़्फ़ान और मेसाईद- को निशाना बनाया। इन इलाकों में देश के बड़े LNG प्रोसेसिंग और निर्यात टर्मिनल मौजूद हैं। सुरक्षा कारणों से कतर की सरकारी ऊर्जा कंपनी QatarEnergy ने तुरंत सभी प्लांट अस्थायी रूप से बंद करने का फैसला लिया।
20% ग्लोबल सप्लाई पर असर
विशेषज्ञों के अनुसार, कतर के इस कदम से एक ही सुबह में दुनिया भर की लगभग 20% LNG सप्लाई बाजार से गायब हो गई। इससे एशिया और यूरोप जैसे बड़े आयातक क्षेत्रों में गैस की कीमतों में तेज उछाल की आशंका बढ़ गई है।
बढ़ सकती हैं ऊर्जा कीमतें
ऊर्जा विश्लेषकों का मानना है कि अगर उत्पादन जल्द बहाल नहीं हुआ, तो अंतरराष्ट्रीय बाजार में गैस की कीमतों में भारी उछाल आ सकता है। पहले से ही भू-राजनीतिक तनाव झेल रहे ऊर्जा बाजार पर यह नया झटका वैश्विक अर्थव्यवस्था के लिए चिंता का कारण बन सकता है।
